महात्मा गांधी जयंती पर मुंबई में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, महापौर ने थामी झाड़ू
मुंबई में महात्मा गांधी जयंती पर बीएमसी के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में महापौर रितू तावड़े समेत मंत्रियों, विधायकों, अभिनेता और नागरिकों ने सफाई की। अलग-अलग इलाकों में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम भी हुए।

तस्वीर में मुंबई के विभिन्न इलाकों में बीएमसी द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान महापौर रितू तावड़े और मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा झाड़ू लगाकर सफाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
मुंबई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को बीएमसी की ओर से पूरे शहर और उपनगरों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नेताओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर साफ-सफाई का संदेश दिया। इसका उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को याद करने के साथ स्वच्छता को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर प्रत्येक नागरिक की रोजमर्रा की आदत बनाना था।
अभियान के तहत मुंबई के अलग-अलग इलाकों में बीएमसी अधिकारियों, मशहूर हस्तियों और आम नागरिकों ने मिलकर सफाई की। मणीभवन परिसर में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने सफाई अभियान की कमान संभाली। जुहू बीच पर विधायक अमित साटम ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। बांद्रा के प्रसिद्ध बैंडस्टैंड इलाके में मशहूर अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर ने भी सफाई में योगदान दिया।
पी-पूर्व वार्ड के खोडियाल माता मंदिर और धनजीवाड़ी इलाके में विधायक अतुल भातखलकर की मौजूदगी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने घाटकोपर ईस्ट के वार्ड नंबर 132 में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने खुद झाड़ू थामकर सड़कों की सफाई की और लोगों को अपने आसपास का इलाका साफ रखने की शपथ दिलाई।
नागरिकों और दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए बीएमसी की टीमों ने कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए। स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों ने भी अभियान में सहयोग किया। महात्मा गांधी जयंती पर आयोजित इस व्यापक अभियान में जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी के जरिए मुंबई को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
