मुंबई में खुले या टूटे मैनहोल की शिकायत अब बीएमसी के विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज होगी। जानिए शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया।

मुंबई में मानसून के दौरान खुले, टूटे या गायब मैनहोल से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों के लिए एक विशेष और स्वतंत्र व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस नई डिजिटल शिकायत प्रणाली के माध्यम से अब नागरिक अपने क्षेत्र में खुले या क्षतिग्रस्त मैनहोल की जानकारी सीधे बीएमसी तक पहुंचा सकेंगे, जिससे शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी खुला, टूटा या गायब मैनहोल दिखाई दे तो वे विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9324500600 पर तुरंत शिकायत दर्ज करें। इस डिजिटल सुविधा का उपयोग करने के लिए नागरिकों को पहले इस नंबर पर संदेश भेजकर संवाद शुरू करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले "शिकायत सबमिट करें" विकल्प का चयन कर घटना स्थल की सटीक लाइव लोकेशन साझा करनी होगी और समस्या से संबंधित स्पष्ट तस्वीर अपलोड करनी होगी।

शिकायत दर्ज होने के बाद नागरिकों को एक शिकायत पंजीकरण नंबर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की स्थिति का फॉलो-अप भी कर सकेंगे। बीएमसी का उद्देश्य शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

इसके साथ ही बीएमसी ने अपने आधिकारिक 'माय बीएमसी मार्ग' मोबाइल ऐप को भी अपडेट किया है। इस ऐप के जरिए नागरिक अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉग-इन कर जियो-टैग फोटो के साथ सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

बीएमसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर के अलावा नागरिक पालिका के मुख्य व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8999228999, आधिकारिक वेबसाइट तथा पारंपरिक 1916 हेल्पलाइन के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्य व्हाट्सएप नंबर पर गड्ढों की शिकायत के लिए "खड्डा" या "ख" तथा गटर के ढक्कन से संबंधित शिकायत के लिए "मैनहोल" या "म" लिखकर संदेश भेजना होगा।

यदि कोई नागरिक बीएमसी के पोर्टल (portal.mcgm.gov.in) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराना चाहता है, तो उसे 'नागरिकों के लिए आवेदन करें – शिकायतें' विकल्प का चयन करना होगा।

बीएमसी प्रशासन ने सभी मुंबईवासियों से शहर को सुरक्षित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा है कि कहीं भी खतरनाक मैनहोल दिखाई देने पर इन डिजिटल माध्यमों के जरिए तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story