मुंबई: मालाड का बीएमसी पशु श्मशान घाट 2 से 11 जुलाई तक बंद रहेगा
वार्षिक रखरखाव और तकनीकी मरम्मत के कारण मालाड केंद्र बंद रहेगा; नागरिकों की सुविधा के लिए महालक्ष्मी और देवनार में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

मुंबई में छोटे पालतू और लावारिस पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित मालाड का पशु श्मशान घाट 2 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। बीएमसी के पशुचिकित्सा स्वास्थ्य विभाग तथा 'पी उत्तर' वार्ड कार्यालय के अंतर्गत मालाड वेस्ट के एवरशाइन नगर स्थित आधुनिक पशु दहन केंद्र में वार्षिक नियमित रखरखाव और तकनीकी मरम्मत कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है।
बीएमसी के अनुसार, 10 दिनों की इस अवधि में पशु श्मशान घाट की मशीनों की गहन सफाई, तकनीकी जांच तथा आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे, ताकि केंद्र की सेवाएं बेहतर और सुरक्षित तरीके से संचालित होती रहें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य के दौरान मृत पालतू जानवरों और बेसहारा पशुओं के अंतिम संस्कार की सेवाएं बाधित नहीं होंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए महालक्ष्मी और देवनार स्थित बीएमसी के अन्य पशु दहन केंद्रों में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, जहां अंतिम संस्कार की सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी।
बीएमसी ने बताया कि निर्धारित रखरखाव और तकनीकी मरम्मत कार्य समय पर पूरा होने के बाद 12 जुलाई 2026 से मालाड स्थित पशु श्मशान घाट पुनः पूर्ववत जनता की सेवा के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
बीएमसी ने मुंबई के पशुपालकों, पशु प्रेमियों, पशु चिकित्सकों और आम नागरिकों से निर्धारित अवधि के दौरान सहयोग करने की अपील की है। साथ ही सार्वजनिक हित और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए 2 से 11 जुलाई के बीच महालक्ष्मी और देवनार स्थित वैकल्पिक पशु दहन केंद्रों की सेवाओं का ही उपयोग करें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
