मुंबई में बाहर खाना खाने वाले लोगों की सेहत और सुरक्षा को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की कार्रवाई और कई भोजनालयों में साफ-सफाई के नियमों के उल्लंघन को देखते हुए मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है।

महापौर रितु तावड़े ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जो भी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबा ग्राहकों को असुरक्षित, बासी या मिलावटी खाना परोसते हुए पाया जाएगा अथवा जहां गंदगी मिलेगी, उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे प्रतिष्ठानों का लाइसेंस तुरंत निलंबित किया जा सकता है या हमेशा के लिए रद्द किया जा सकता है।

महापौर ने बताया कि होटलों और रेस्टोरेंटों को लाइसेंस जारी करने और उनके नवीनीकरण की सीधी जिम्मेदारी बीएमसी के मेडिकल हेल्थ ऑफिसर्स की होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जमीन पर उतरकर भोजन की गुणवत्ता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कदम उठाएं।

रितु तावड़े ने नागरिक स्वास्थ्य विभाग को पूरी मुंबई में औचक निरीक्षण की गति बढ़ाने और सभी छोटे-बड़े भोजनालयों में स्वच्छता के मानकों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि जब बीएमसी इन दुकानों को लाइसेंस देती है, तो यह सुनिश्चित करना भी उसकी जिम्मेदारी है कि वहां साफ-सफाई के नियमों का पालन हो।

महापौर ने कहा कि चंद पैसों के फायदे के लिए मुंबईकरों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की यह सख्ती हाल ही में एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ राज्य स्तर पर शुरू की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद सामने आई है।

एफडीए की इस मुहिम के बाद अब बीएमसी भी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। आने वाले दिनों में मुंबई के सभी प्रमुख व्यावसायिक इलाकों, होटलों और स्ट्रीट फूड काउंटरों की कड़ाई से जांच की जाएगी। इस कार्रवाई से लापरवाह होटल मालिकों में चिंता बढ़ गई है, वहीं आम जनता को साफ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story