मुंबई में रॉकेट-आकाशीय पटाखों पर लगा बैन, BMC ने जारी किया सख्त आदेश
आग लगने की बढ़ती घटनाओं के बाद आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है, जो 25 नवंबर तक लागू रहेगी।

मुंबई में पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बीएमसी ने सुरक्षा के मद्देनजर सख्त कदम उठाया है। शहर और उपनगरों में पिछले दो दिनों के दौरान पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए 'शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण' ने बीएमसी क्षेत्र में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले सभी प्रकार के आकाशीय पटाखों के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
बीएमसी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध 9 नवंबर 2026 से लागू हो गया है और 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुंबई की घनी आबादी, बहुमंजिला इमारतों, संकरी गलियों और झोपड़पट्टी क्षेत्रों को देखते हुए हवा में उड़ने वाले पटाखों से आग लगने का गंभीर खतरा बना हुआ है। ऐसे पटाखे इमारतों की छतों, बालकनियों और आसपास रखी ज्वलनशील सामग्रियों तक पहुंचकर आग लगने का कारण बन सकते हैं। इसी जोखिम को रोकने के लिए यह निषेधात्मक आदेश जारी किया गया है।
प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 41(A), 26(2), 30 और 34(M) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह फैसला लिया है। प्रतिबंध का दायरा केवल सार्वजनिक सड़कों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि बीएमसी के संपूर्ण अधिकार क्षेत्र में इसे लागू किया गया है। इसके तहत आवासीय इमारतों की छतों, बालकनियों, आंगनों, पार्किंग स्थलों और झोपड़पट्टी क्षेत्रों में भी रॉकेट एवं आकाशीय पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्तों, बीएमसी के सभी प्रशासनिक वार्डों के सहायक आयुक्तों और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर निगरानी रखते हुए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बीएमसी प्रशासन ने मुंबई के नागरिकों से अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस एवं दमकल विभाग की ओर से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आग की घटनाओं के जोखिम को देखते हुए जारी यह आदेश 25 नवंबर की रात तक पूरे बीएमसी क्षेत्र में प्रभावी रहेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
