मुंबई में पैदल यात्रियों को बड़ी राहत, बीएमसी ने हटाए 38 अवैध कब्जे
मुंबई के अंधेरी पश्चिम में बीएमसी ने 38 अवैध दुकानें और कब्जे हटाए। 200 फुटपाथों को मुक्त कराने की योजना के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

तस्वीर में जेसीबी मशीन एक बंद दुकान का अवैध शटर गिरा रही है।
पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को बाधामुक्त बनाने के अभियान के तहत बीएमसी ने अंधेरी पश्चिम इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 अवैध दुकानों और कब्जों को पूरी तरह हटा दिया। यह कार्रवाई अंधेरी पश्चिम, विले पार्ले पश्चिम और जोगेश्वरी रेलवे स्टेशनों के आसपास के व्यस्त इलाकों के अलावा वीरा देसाई मार्ग और स्वामी विवेकानंद मार्ग पर की गई।
बीएमसी के अनुसार, विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथों को पूरी तरह सुरक्षित और बाधामुक्त बनाना है। शहर में भीड़भाड़ और अवैध कब्जों के कारण आम लोगों को पैदल आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए बीएमसी ने पूरे मुंबई शहर में पहले चरण के तहत 200 मुख्य फुटपाथों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का लक्ष्य तय किया है।
के-पश्चिम वार्ड क्षेत्र में प्रशासन ने कार्रवाई के लिए विले पार्ले की लगभग 27 सड़कों की पहचान की है। इनमें से पहले चरण के दौरान 6 प्रमुख फुटपाथों को पूरी तरह साफ कर दिया गया है। आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित सड़कों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बीएमसी की इस पहल से आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे सड़कों पर वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों की आवाजाही भी काफी आसान होगी और फुटपाथों के बाधामुक्त होने से पैदल यात्रियों के लिए आवागमन अधिक सुगम बनेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
