मुंबई के सायन में बेस्ट बसों की कतार से लगा जाम, यात्री परेशान
सायन रेलवे स्टेशन के पास एक ही रूट की चार बसें एक साथ खड़ी होने से यातायात हुआ बाधित, यात्रियों ने प्रबंधन पर उठाए सवाल।

मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन के पास शनिवार दोपहर एक ही रूट की 'बेस्ट' बसें एक साथ कतार में खड़ी होने के कारण बाधित हुआ यातायात।
मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली 'बेस्ट' बसों की बदहाल समय सारणी और लचर प्रबंधन का एक नया रूप आज सायन रेलवे स्टेशन के पास देखने को मिला, जिसने यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है। दोपहर लगभग 3:15 बजे सायन स्टेशन के ठीक पहले, आख़िरी स्टॉप आने से कुछ ही दूरी पर 'बेस्ट' की चार बसें एक के पीछे एक कतार में खड़ी रहीं। इस काफिले में रूट नंबर 11 की दो बसें और रूट नंबर 374 की दो बसें शामिल थीं, जो बिना किसी ठोस कारण के बैक-टू-बैक खड़ी होकर समय बर्बाद कर रही थीं।
दोपहर की इस भीषण गर्मी में बसों के इस तरह अकारण खड़े रहने से आम यात्रियों को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने इस अव्यवस्था पर तीव्र आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन के 'टाइम मैनेजमेंट' पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जब एक ही रूट की दो-दो बसें एक साथ एक ही जगह खड़ी रहेंगी, तो अगले स्टॉप पर इंतजार कर रहे यात्रियों को घंटों बस नहीं मिलेगी। इस अव्यवस्था के कारण सायन स्टेशन के बाहर यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
इस गंभीर लापरवाही को लेकर स्थानीय नगरसेवकों ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से लिया है। नगरसेवकों का कहना है कि बेस्ट प्रशासन को अपनी जीपीएस और शेड्यूलिंग प्रणाली को तुरंत दुरुस्त करना चाहिए ताकि एक ही रूट की बसें एक साथ जमा होने के बजाय निश्चित समयांतराल पर चलें। यात्रियों ने बेस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे तौर पर मांग की है कि इस रूट पर समय का सही नियोजन किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही के कारण नागरिकों का कीमती समय बर्बाद न हो और उन्हें इस भीषण तपन में सफर करने के लिए विवश न होना पड़े।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
