मुंबई। कला, स्वास्थ्य और पर्यावरणीय चेतना के अभूतपूर्व समन्वय को प्रदर्शित करने वाला 'मुंबई आर्ट्स एंड हेल्थ फेस्टिवल-2026' आज से महानगर में अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक छटा बिखेरने के लिए तैयार है। 6 से 10 मई तक आयोजित होने वाला यह पांच दिवसीय महोत्सव “वन सिटी, वन पल्स” की प्रेरणादायी थीम पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर की सामूहिक जीवनशक्ति और आरोग्य को कलात्मक माध्यमों से जोड़ना है। इस महोत्सव के दौरान “आर्ट्स एंड हीलिंग में समुदाय की भूमिका”, “मानसिक स्वास्थ्य के लिए कला” एवं “आर्ट्स एंड क्वीयर आइडेंटिटीज” जैसे गंभीर और समसामयिक विषयों पर गहन चर्चाओं और रचनात्मक कार्यशालाओं का सिलसिला चलेगा।

महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ नानावटी मैक्स हॉस्पिटल में “आर्ट्स फॉर रिहैबिलिटेशन” विषयक एक उच्च स्तरीय पैनल चर्चा के साथ संपन्न होगा, जो चिकित्सा क्षेत्र में कला की उपचारात्मक शक्ति को रेखांकित करेगा। इसी क्रम में 7 मई को नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में “मस्त महिला मंडली” फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। महोत्सव के पारिस्थितिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने हेतु महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आधिकारिक इको-फ्रेंडली पार्टनर के रूप में जोड़ा गया है। आगामी 8 मई को एनजीएमए में ही “क्लाइमेट, केयर एंड क्रिएटिविटी” विषय पर विशेषज्ञों के बीच विमर्श होगा।

सप्ताहांत की गतिविधियों के अंतर्गत 9 मई को संजय गांधी नेशनल पार्क एवं सेंट्रल पार्क (ठाणे) में प्रकृति के सानिध्य में ‘’ईको आर्ट एंड योगा” सत्रों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 10 मई को दादर बीच पर एक वृहद सामुदायिक सफाई अभियान चलाया जाएगा, जो स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व का संदेश देगा। इसी दिन मदर्स डे के विशेष अवसर पर गोरेगांव में कलात्मक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जबकि महोत्सव का समापन बांद्रा स्थित सेंट स्टीफेंस स्टेप्स पर एक भव्य सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा। महोत्सव की अध्यक्ष देविका मेहता कदम ने इस आयोजन को कला और स्वास्थ्य के माध्यम से जनमानस में जागरूकता प्रसारित करने का एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक प्रयास बताया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story