मुंबई: आर्थर रोड जेल में नशामुक्ति कार्यक्रम, कैदियों को दिलाई प्रतिज्ञा
अणुव्रत समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कैदियों को योग, ध्यान और नशा छोड़ने का संकल्प कराया गया।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी और समिति सदस्य जेल में कैरम बोर्ड थामे खड़े हैं।
मुंबई। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत आर्थर रोड जेल में नशामुक्ति अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मंगल शुरुआत रोशन मेहता, मनोहर कछारा, सुरेश मेहता और नरेंद्र मूणोत ने अणुव्रत गीत के साथ की। अणुव्रत समिति की ओर से जेल सुपरिंटेंडेंट हर्षद अहीरराव, डिप्टी जेल सीनियर प्रशांत पाटील साहेब और जगताप साहेब का साहित्य एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ. दिलीप सरावगी ने सबसे पहले कैदियों को योग और ध्यान के प्रयोग कराए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि गलत संगत से जुड़कर अपराध करने के कारण वे यहां पहुंचे हैं। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्परिणाम बताए और नशे से दूर रहने के उपाय समझाए।
डॉ. दिलीप सरावगी ने कैदियों से शराब, गांजा, हेरोइन, गुटखा, तंबाकू, खैनी आदि नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की प्रतिज्ञा करवाई। इसके साथ ही क्रोध नहीं करने का संकल्प भी कराया। उन्होंने कहा कि यहां से घर जाने के बाद नेक और अच्छा जीवन जिएंगे तथा सभी के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे।
डिप्टी जेल अधीक्षक जगताप साहेब ने कहा कि अणुव्रत समिति बहुत ही नेक कार्य कर रही है। छोटे-छोटे सरल नियमों से इंसान मैन से गुड में बन सकता है। संस्था मानवता की सेवा का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आचार्य महाश्रमण भी नैतिकता, सद्भावना और नशामुक्ति का संदेश देश-विदेश में लगभग 60000 किमी की पदयात्रा कर मानवता का कल्याण कर रहे हैं। यह सुनकर उन्होंने गुरुदेव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
डिप्टी जेल अधीक्षक जगताप साहेब ने आशा व्यक्त की कि आगे भी ऐसे कार्यक्रम आर्थर रोड जेल में आयोजित किए जाएंगे। अणुव्रत समिति मुंबई की ओर से कैदियों के लिए कैरम की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष रमेश सोनी, मंत्री गणपत सोनी, क्षेत्रीय संयोजक नरेंद्र मूणोत एवं टीम का विशेष श्रम रहा। आभार महाराष्ट्र प्रभारी रोशन मेहता ने व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
