मुंबई: अंधेरी में ज्वेलरी शॉप के सेल्समैन ने चुराए सोने के सिक्के, मामला दर्ज
अंधेरी की दुकान में ऑडिट के दौरान 6.60 लाख रुपये के सोने के सिक्के कम मिले, सीसीटीवी फुटेज में सेल्समैन संजय जगताप चोरी करते हुए कैद।

मुंबई के अंधेरी इलाके स्थित एक ज्वेलरी शॉप में उसी के सेल्समैन द्वारा सोने के सिक्के चुराने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर आंबोली पुलिस ने आरोपी कर्मचारी संजय जगताप के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ऑडिट के दौरान हुआ घटना का खुलासा
गोरेगांव निवासी 26 वर्षीय शिकायतकर्ता, जो इस दुकान में मैनेजर है, के अनुसार, 13 मार्च को जब दुकान के आभूषणों की जांच (ऑडिट) की गई, तो 40 ग्राम वजन के तीन सोने के सिक्के कम पाए गए। इन सिक्कों की कुल कीमत लगभग 6 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। संदेह होने पर जब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो पूरी घटना का पर्दाफाश हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की करतूत
फुटेज में साफ दिखाई दिया कि 12 मार्च की रात 9 बजे आरोपी संजय जगताप ने दराज से सोने के सिक्के निकाले और उन्हें अपने बैग में रख लिया। चोरी का खुलासा होने के बाद शिकायतकर्ता ने संजय को दुकान पर बुलाया, लेकिन वह नहीं आया और मौके से फरार हो गया।
आंबोली पुलिस ने शुरू की तलाश
इसके बाद आंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि "आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
