पैदल चलने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने अपना विशेष अभियान तेज कर दिया है। ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ यानी पैदल यात्री प्रथम अभियान के तहत बीएमसी ने गुरुवार को मुलुंड इलाके में अवैध कब्जों और दुकानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के दौरान मुलुंड पूर्व स्थित पुरुषोत्तम खेराज मार्ग और मोहम्मद अली रोड के फुटपाथों तथा सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। बीएमसी की टीमों ने रास्तों पर बनी अवैध दुकानों, स्टालों, सीमेंट से बने चबूतरों और अन्य अनधिकृत ढांचों को बुलडोजर और हथौड़ों की मदद से पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

इसके अलावा कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर लगाए गए अतिरिक्त शेड, तिरपाल और फुटपाथ पर रखा वह सामान भी हटाकर जब्त कर लिया गया, जो आम लोगों के आने-जाने में रुकावट पैदा कर रहा था।



बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों के कारण आम जनता को चलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और हादसों का खतरा बना रहता था। इसी समस्या को खत्म करने के लिए बीएमसी ने यह कार्रवाई की है।

बीएमसी का साफ कहना है कि फुटपाथों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य हिस्सों में इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि पैदल चलने वालों को साफ और सुरक्षित रास्ते मिल सकें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story