मृणालताई गोरे फ्लाईओवर विस्तार: मेयर रितू तावडे ने कार्य की सराहना की
मुंबई की महापौर रितू तावडे ने गोरेगांव में फ्लाईओवर के विस्तार कार्यों का निरीक्षण किया और सौंदर्यीकरण के लिए वर्टिकल गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए।

मुंबई की महापौर रितू तावडे गोरेगांव (पश्चिम) में मृणालताई गोरे फ्लाईओवर के विस्तारित हिस्से का निरीक्षण करते हुए और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए।
मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) स्थित मृणालताई गोरे फ्लाईओवर के विस्तारित हिस्से का निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों पर खरा पाया गया है। राम मंदिर मार्ग से रिलीफ रोड के बीच बने इस पुल के विस्तार कार्य का नवनिर्वाचित महापौर रितू तावडे ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पूरे मार्ग की जमीनी स्थिति का बारीकी से आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त किया, हालांकि उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल पर जहां भी छोटे-मोटे ऊंचे-नीचे हिस्से या मामूली कमियां शेष हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर ‘फिनिशिंग टच’ दिया जाए। साथ ही उन्होंने पुल को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए दोनों ओर वर्टिकल गार्डन अथवा अन्य पौधों के माध्यम से हरियाली विकसित करने पर जोर दिया, ताकि मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को सुखद और हरित वातावरण प्राप्त हो सके।
इस दौरान महापौर ने इंजीनियरों से पुल की संरचना, घुमावदार मोड़ों और इंजीनियरिंग बारीकियों की विस्तृत जानकारी भी ली। जब सड़क की सतह को लेकर प्रश्न किया गया, तो इंजीनियरों ने बताया कि इस पुल पर 40 मिलीमीटर मोटा ‘मास्टिक अस्फाल्ट’ बिछाया गया है, जो प्रारंभ में थोड़ा खुरदरा या असमान प्रतीत हो सकता है, लेकिन यातायात बढ़ने के साथ यह स्वयं ही समतल और चिकना हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह तकनीक पुल को वाटरप्रूफ बनाती है, जिससे संरचना लंबे समय तक सुरक्षित रहती है और जंग से भी बचाव होता है।
मुआयने के बाद महापौर रितू तावडे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुल की समग्र गुणवत्ता अत्यंत संतोषजनक है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष छोटे गड्ढों को शीघ्र भरा जाए, सड़क के किनारों को दुरुस्त किया जाए तथा यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आवागमन और अधिक सुगम हो सके।
यह परियोजना मुंबई के यातायात ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शहरी परिवहन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
