मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 01 के मीरारोड पुलिस स्टेशन क्षेत्र में चल रहे एक अवैध स्पा सेंटर पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर कथित रूप से चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। स्पा की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के गैर कानूनी धंधे का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच युवतियों को मुक्त कराया है। मामले में स्पा मालिक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, मीरारोड पूर्व के ब्रेवली पार्क स्थित ए एन के सैलून एंड स्पा में कथित रूप से देह व्यापार चलने की गुप्त जानकारी पीआई को मिली थी। उक्त सूचना के आधार पर पीआई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और सेंटर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने स्पा मालिक और मैनेजर को धरदबोचा। मौके से पांच युवतियों को अपने कब्जे में लिया गया। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, उक्त स्पा की आड़ में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था।

मामले में मैनेजर और मालिक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि स्पा संचालक को भी इस प्रकरण में आरोपी बनाया गया है। पुलिसिया कार्रवाई के दौरान मौके से पांच युवतियों को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया गया।

पुलिस ने मौके से आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मीरारोड पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस सेक्स रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुक्त कराई गई महिलाओं की पहचान गोपनीय रखी गई है। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आवश्यकतानुसार उन्हें संबंधित सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story