मीरा रोड में कारोबारी से जुड़े 12.15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए दो दोस्तों को मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की डिविजन-1 क्राइम ब्रांच, काशीमीरा यूनिट ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दोस्त को चकमा देकर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से गबन किए गए रुपयों से खरीदी गई सोने की चेन, महंगे मोबाइल और अन्य कीमती सामान के साथ क्रिप्टोकरेंसी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, रामदेव पार्क, मीरा रोड निवासी भवानी ज्वैलर्स के मालिक महेंद्र सिंह ने अपनी दुकान में काम करने वाले रमाकांत जयप्रकाश शुक्ला को बिजनेस से जुड़े 12,15,000 रुपये नकद लेने के लिए मलाड, मुंबई भेजा था।

6 अक्टूबर को रमाकांत शुक्ला अपने दोस्त रितेश जयप्रकाश मिश्रा और नीरज मनीषचंद्र झा के साथ मलाड से रुपये लेकर मोटरसाइकिल से मीरा रोड आने के लिए निकले थे। शाम करीब 18.30 बजे जब वे सम्राट होटल सिग्नल, पांडुरंगवाड़ी सर्विस रोड, मीरा रोड पहुंचे, उस समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। आगे ट्रैफिक पुलिस होने के कारण रमाकांत ने अपने दोनों दोस्तों को बाइक से उतरने के लिए कहा।

दोनों दोस्त बाइक से उतर गए और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इसके बाद रमाकांत शुक्ला ने काशीमीरा पुलिस स्टेशन में दोनों दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों रितेश जयप्रकाश मिश्रा और नीरज मनीषचंद्र झा के खिलाफ धोखाधड़ी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया। दर्ज मामले में IPC, 2023 की धारा 318(4), 316(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई।

मामले की जांच काशीमीरा क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के पुलिस इंस्पेक्टर सुशीलकुमार शिंदे के मार्गदर्शन में शुरू की गई। जांच टीम में सचिन सानप, योगेश काले, अभिजीत लांडे, संतोष लांडगे, संतोष चव्हाण, सचिन हुले, नीलेश शिंदे, भूषण पाटिल, हर्षद चव्हाण, सुधीर खोत, मोहसिन दीवान, धीरज मेंगाने, गौरव बारी और सौरभ इंगले सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर दोनों आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों पहले इंदौर, मध्य प्रदेश और फिर वाराणसी, उत्तर प्रदेश में छिपकर रहे थे।

26 अक्टूबर को दोनों वाराणसी, उत्तर प्रदेश से वापस पवई, मुंबई आए। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के इरादे से दोनों मुंबई से विमान के जरिए वापस वाराणसी जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान 26 अक्टूबर 2026 को रात करीब 11 बजे मीरा रोड निवासी आरोपी रितेश जयप्रकाश मिश्रा और नीरज मनीषचंद्र झा को पुलिस ने धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को क्राइम ब्रांच यूनिट लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। उनके पास मौजूद सामान की तलाशी लेने पर गबन किए गए रुपयों से खरीदी गई 15 ग्राम वजन की दो सोने की चेन, एप्पल कंपनी का आईपैड, एप्पल कंपनी का एयरपॉड, एप्पल कंपनी का ब्लैक आईफोन, एक ट्रॉली बैग और 3,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई इन वस्तुओं की कुल कीमत 3,27,000 रुपये है।

इसके अलावा, आरोपियों द्वारा CoinDCX ऐप के माध्यम से खरीदी गई 4,81,918 रुपये की क्रिप्टोकरेंसी भी जब्त की गई है।

दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए काशीमीरा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story