मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-1 अंतर्गत उत्तन सागरी पुलिस स्टेशन की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो देशी पिस्तौल, मैगजीन और एक लक्जरी कार बरामद की गई। पुलिस ने कार, पिस्तौल सहित कुल 20.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में उत्तन सागरी पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र मार्कड और क्राइम पुलिस इंस्पेक्टर मिलिंद साबले अपनी टीम के कमलाकर चासकर, छोटू साबले, संतोष सानप, नीलकंठ जयभाये आदि के साथ क्षेत्र के डोंगरी कोस्टल चेक पोस्ट पर नाकाबंदी कर रहे थे।

नाकाबंदी के दौरान कार क्रमांक MH-02-MN-3125 संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से मैगजीन के साथ दो देशी पिस्तौल बरामद हुईं। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम संजय सुरेंद्र सिंह, उम्र 36 वर्ष, एस्टेट एजेंट, दहिसर ईस्ट, मुंबई निवासी बताया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गाज़ीपुर का निवासी है। पुलिस आरोपी को पकड़कर उत्तन सागरी पुलिस स्टेशन लेकर आई, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

आरोपी संजय सुरेंद्र सिंह उम्र 36 के विरुद्ध बीएनएस कलम, इंडियन आर्म्स एक्ट, 1959 के सेक्शन 3, 25 (1) (a) और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के सेक्शन 37(1) और 135 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह जानकारी हासिल कर रही है कि आरोपी पिस्तौल कहां से लाया था और इन्हें किसे बेचने वाला था। नाकाबंदी के दौरान हुई इस कार्रवाई में दो देशी पिस्तौल और लक्जरी कार सहित 20.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story