मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की एंटी-नारकोटिक्स सेल-1 काशीमीरा टीम ने ड्रग्स तस्करी के मामले में वांछित तीन प्रवासी आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 45 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स और एक कार बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए ड्रग्स और कार समेत कुल 82,35,750 रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, काशीमीरा पुलिस स्टेशन में ड्रग्स तस्करी का एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में शामिल आरोपियों के पास से 16 लाख 80 हजार रुपये की मेफेड्रोन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, इस अवैध कारोबार को संचालित करने वाले मुख्य तीन प्रवासी तस्कर वांछित थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

जांच-पड़ताल के दौरान सामने आया कि तीनों तस्कर राजस्थान के निवासी हैं और पिछले कुछ वर्षों से ड्रग्स की हेराफेरी में शामिल होने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने के बाद एंटी-नारकोटिक्स सेल-1 काशीमीरा के पीआई समीर शेख और निखिल चव्हाण के मार्गदर्शन में सागर साबले, पुष्पेंद्र थापा, पवन पाटिल, प्रदीप टक्के, सचिन घेरे, सुभाष आव्हाड, विनोद आवले, लतादेवी एक्कलदेवी, विजय लवटे, रोहन बाबर आदि की टीम राजस्थान के लिए रवाना हुई।

अपराध में वांछित आरोपियों की तलाश के बाद पुलिस टीम ने नवोरा बेरा, पाटोदी, जिला बालोतरा, राजस्थान से वांछित आरोपी कम्मे मोबिन खॉ, उम्र 36 वर्ष, अशोक कुमार मांगीलाल दादी, उम्र 20 वर्ष, जिला बाड़मेर, राजस्थान और नरेंद्र कुमार धनाराम बांगड़वा, उम्र 29 वर्ष, जिला बालोतरा, राजस्थान को गिरफ्तार किया।

वांछित तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 45 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स और कार बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 61,35,000 रुपये बताई गई है। इसके बाद इस मामले में एक अन्य आरोपी विरधाराम देवाराम देवासी, उम्र 20 वर्ष, को बाड़मेर से महिंद्रा स्कॉर्पियो कार GJ.18-EB/1049 के साथ गिरफ्तार किया गया।

एंटी-नारकोटिक्स सेल-1 काशीमीरा टीम ने वांछित चारों तस्करों को राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से कुल 82,35,750 रुपये का ड्रग्स और कार जब्त किया है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस और NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(a), 22(a), 29 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story