मीरा भाईंदर पुलिस ने 13 करोड़ का एमडी ड्रग्स रैकेट पकड़ा, 13 गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने मीरा रोड और मुंबई में छापेमारी कर ड्रग्स लैब का भंडाफोड़ किया और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किए।

मीरा भाईंदर-वसई विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 04 की टीम जप्त किए गए ड्रग्स निर्माण उपकरणों और रसायनों के साथ।
मीरा भाईंदर–वसई विरार पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट 04 ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय MD (मेफेड्रोन) ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पति-पत्नी सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा करोड़ों रुपए मूल्य के ड्रग्स और केमिकल जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार दिनांक 04 अप्रैल 2026 को क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट 04 के पीआई प्रमोद बड़ाख और उनकी टीम द्वारा नयानगर, मीरा रोड स्थित रूम नंबर 202, छेड़ा आदर्श बिल्डिंग, बैक रोड पर छापेमारी की गई। मौके से फिरदोस अरबाज़ कुरैशी घर पर मौजूद मिली, जहां तलाशी के दौरान 324 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2,66,17,280 रुपये आंकी गई। पूछताछ में महिला ने बताया कि यह ड्रग्स उसका पति अरबाज़ वकील कुरैशी लाया था। इसके बाद दोनों के खिलाफ नयानगर पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(a), 21(a), 22(a), 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की आगे की जांच में क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट 04 की विभिन्न विशेष टीमों ने मुंबई, मीरारोड, गुजरात सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर 8 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस प्रकार कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से और भी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल संख्या 13 तक पहुंची।
जांच के दौरान टीम सामना नगर, शादी मैदान के पास, आज़मी नगर, मालवणी मुंबई, मौजे मनोरी और गोराई (मुंबई) क्षेत्रों में पहुंची, जहां से 1 महिला और 2 पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान एक बड़ी अवैध ड्रग निर्माण लैब का भी खुलासा हुआ, जहां MD ड्रग्स बनाने के लिए भारी मात्रा में रसायनों और उपकरणों का उपयोग किया जा रहा था।
लैब से पुलिस ने लगभग 255 लीटर रसायन जप्त किए, जिनमें सोडियम हाइड्रॉक्साइड पेलेट्स, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, डाइक्लोरोमेथेन, मिथाइलमाइन, क्लोरोफॉर्म शामिल हैं। साथ ही हीटिंग ड्रायर, सेपरेशन फ्लास्क, हीटिंग मेंटल रिकवरी फ्लास्क, फोर फिंगर क्लैंप, एडिशन पॉट, बुचनर फनल सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने 6 किलो 773 ग्राम तैयार MD ड्रग्स भी जप्त किया, जिसकी कुल कीमत 13 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक संगठित ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा करते हुए पति-पत्नी सहित 10 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया और कुल 13 ड्रग्स तस्करों को दबोचा।
इससे पूर्व पीआई प्रमोद बड़ाख और विशेष टीम द्वारा तेलंगाना में भी मेफेड्रोन निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था। उस कार्रवाई में एमडी 186/1, प्लॉट नंबर 193, फेज 5, चेरापल्ली, नवोदय कॉलोनी, तेलंगाना से छापेमारी कर 05 किलो 790 ग्राम एमडी ड्रग्स, 35,500 लीटर रसायन, 950 किलो पाउडर तथा अन्य मादक पदार्थ निर्माण सामग्री बरामद की गई थी। उस मामले में श्रीनिवास विजय वोलेटी और उसके साथी तानाजी पंढरीनाथ पटवारी को गिरफ्तार किया गया था, जिन पर करीब 100 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए और वे बड़े पैमाने पर फैक्ट्री संचालित कर रहे थे।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक, एडिशनल पुलिस कमिश्नर दत्तात्रेय शिंदे, क्राइम डीसीपी संदीप डोईफोडे, क्राइम एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में पीआई प्रमोद बड़ाख, सपोनि प्रशांत गांगुर्डे, दत्तात्रय सरक, मनोहर टावरे, संतोष मदने, दीपाली जाधव, शिवाजी पाटिल, रविंद्र भालेराव, विजय गायकवाड़, प्रवीणराज पवार, धनंजय चौधरी, हनुमंत सूर्यवंशी, समीर यादव, अश्विन पाटिल, रविंद्र कांबले, संदीप शेरमले, विकास राजपूत और सनी सूर्यवंशी सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसमें अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए करोड़ों रुपये के ड्रग्स और निर्माण सामग्री जप्त की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
