मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट 04 ने एक अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पति-पत्नी सहित कुल 18 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और 20 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक कीमत का तैयार एमडी (MD) ड्रग्स व भारी मात्रा में रसायन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस व्यापक जांच ने मुंबई से लेकर तेलंगाना तक फैली नशे की जड़ों को उखाड़ फेंका है।

इस ऑपरेशन की शुरुआत 04 अप्रैल 2026 को हुई, जब यूनिट 04 की टीम ने नयानगर, मीरा रोड स्थित छेड़ा आदर्श बिल्डिंग के रूम नंबर 202 पर छापेमारी की। वहां से फिरदोस अरबाज़ कुरैशी और उसके पति अरबाज़ वकील कुरैशी को 1 किलो 324 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी कीमत 2,66,17,280 रुपये थी। पति-पत्नी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए मुंबई के मालवणी, मनोरी, गोराई, सामना नगर और आज़मी नगर में छापेमारी कर एक बड़ी लैब का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 1 महिला और 2 पुरुषों सहित कुल 15 आरोपियों को धरदबोचा गया। पुलिस ने यहां से 6 किलो 773 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की, जिसकी कीमत 13 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक है। साथ ही, सोडियम हाइड्रॉक्साइड पेलेट्स, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, डाइक्लोरोमेथेन, मिथाइलमाइन, क्लोरोफॉर्म, हीटिंग ड्रायर और सेपरेशन फ्लास्क जैसे ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त 255 लीटर केमिकल व उपकरण बरामद किए गए।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक, एडिशनल पुलिस कमिश्नर दत्तात्रेय शिंदे, क्राईम डीसीपी संदीप डोईफोडे और क्राइम एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में पीआई प्रमोद बड़ाख व उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि इन ड्रग्स तस्करों के तार तेलंगाना से जुड़े हैं। टीम ने पूर्व में गिरफ्तार किए गए तस्करों श्रीनिवास विजय वोलेटी और तानाजी पंढरीनाथ पटवारी, जिनके खिलाफ 100 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, से मिली जानकारी के आधार पर 28 मई 2026 को खालापुर, जिला रायगढ़ से संदीप वीरस्वामी नायडू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 29 मई 2026 को नासिर उर्फ बाबा जनिमिया शेख और महमूद महबूब खान को हैदराबाद से पकड़ा गया।

पूछताछ में नासिर उर्फ बाबा जनिमिया शेख ने कबूल किया कि उसने तेलंगाना के जिला संगारेड्डी के जहीराबाद स्थित पिचरगाड़ी टांडा में 2 एकड़ में फैले एक फार्म हाउस में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री स्थापित की है। पुलिस ने वहां छापा मारकर 3 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 2293 लीटर रसायन और लैब इक्विपमेंट सहित कुल 6.22 करोड़ रुपये का माल जब्त किया। इस प्रकार, पिछले दो महीनों की गहन छानबीन के बाद पुलिस ने मुंबई व तेलंगाना में ड्रग्स फैक्ट्रियों को नष्ट कर कुल 18 माफियाओं को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के थानों में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8 (a), 21 (a), 22 (a) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story