मीरा भाईंदर: पुलिस ने उत्तन डंपिंग ग्राउंड में नष्ट की 74 लाख की अवैध शराब और गुटका
नवघर, काशीमीरा और मीरारोड समेत विभिन्न थानों द्वारा जब्त की गई प्रतिबंधित सामग्री को न्यायालय के आदेश के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट किया गया।

भाईंदर पश्चिम स्थित उत्तन डंपिंग ग्राउंड में 22 मई 2026 को न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त की गई अवैध शराब, गुटका और हुक्का सामग्री को नष्ट किए जाने के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की डिविजन 01 पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये कीमत की शराब, गुटका और अन्य प्रतिबंधित सामग्री नष्ट कर दी। नवघर, काशीमीरा, काशीगांव, मीरारोड और भाईंदर समेत विभिन्न पुलिस स्टेशनों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों के खिलाफ दारूबंदी कानून के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 4243 लीटर देशी दारू, हाथभट्ठी दारू और विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत 15 लाख 83 हजार रुपये से अधिक बताई गई। इसके अलावा महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटका और हुक्का पार्लरों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया गया, जिसमें 75 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में पुलिस टीमों ने 58 लाख 14 हजार रुपये से अधिक का माल बरामद किया था।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय द्वारा दारूबंदी, गुटखा बंदी और हुक्का पार्लरों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 73 लाख 98 हजार रुपये का जब्त मुद्देमाल न्यायालय के आदेशानुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई 22 मई 2026 को भाईंदर पश्चिम स्थित उत्तन डंपिंग ग्राउंड में पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और उप पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब, प्रतिबंधित गुटका और नशीले पदार्थों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। बड़ी मात्रा में जब्त सामग्री को नष्ट किए जाने की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध कारोबार पर सख्त पुलिस नियंत्रण का बड़ा संदेश मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
