मीरा-भाईंदर: नायगांव में अवैध शराब की भट्ठियां नष्ट, लाखों का माल जब्त
नायगांव पुलिस ने मालजी पाड़ा के जंगलों में छापेमारी कर 16 लाख रुपये से अधिक की अवैध देशी शराब और निर्माण सामग्री को नष्ट किया।

नायगांव पुलिस की टीम ने मालजी पाड़ा गांव के जंगलों में संचालित अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट करते हुए, पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर की कार्रवाई।
मीरा-भाईंदर: मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत नायगांव पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मालजी पाड़ा गांव के घने जंगलों में संचालित अवैध देशी शराब की हाथभट्ठियों पर पुलिस ने छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की सामग्री और तैयार शराब को नष्ट कर दिया है। ज्ञात हो कि वसई पूर्व का यह जंगली क्षेत्र अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण अवैध शराब कारोबारियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनता जा रहा था, जहाँ से लंबे समय से अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था।
इस अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिलने के बाद नायगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच के सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश केकन के नेतृत्व में ज्ञानेश्वर अस्बे, शेखर पवार, सचिन ओलेकर, सचिन मोहिते, चेतन ठाकरे, सचिन खंटल, जयवंत खांडवी, अशोक पाटिल और अमोल बर्डे की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस की इन टुकड़ियों ने 1 जून 2026 की सुबह 5 बजे मालजी पाड़ा स्थित जंगलों में घेराबंदी कर दो अलग-अलग स्थानों पर धावा बोला।
छापेमारी के दौरान शराब माफिया हितेंद्र भोला चौधरी और नामदेव वाघे द्वारा संचालित ठिकानों से 2800 लीटर देशी शराब के अलावा भारी मात्रा में नवसागर और गुड़ मिश्रित रसायन से भरे ड्रम तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर ही कुल 16 लाख 57 हजार रुपये मूल्य की कच्ची और तैयार शराब के साथ-साथ अन्य निर्माण सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस मामले में फरार शराब माफियाओं के खिलाफ नायगांव पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र दारुबंदी अधिनियम, 1949 की धारा 65 (ब), (क), (ड) और (फ) के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है, वहीं इस ऑपरेशन ने अवैध शराब कारोबारियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
