मुंबई से सटे ठाणे जिले के मीरा भयंदर इलाके में सोमवार, 17 अगस्त 2026 की सुबह निर्माणाधीन मेट्रो लाइन 9 के काम के दौरान ग्रेनाइट की भारी स्लैब और निर्माण सामग्री सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मेदेतिया नगर में दहिसर से मीरा भयंदर मेट्रो लाइन के निर्माण के दौरान सुबह करीब 11:50 बजे ऊपरी हिस्से से ग्रेनाइट की स्लैब अचानक नीचे आ गिरीं। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

सड़क पर गिरे मलबे के कारण वहां से गुजर रही एक स्कूल वैन का टायर पंचर हो गया। इससे कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, घटना के समय वैन में कोई बच्चा मौजूद नहीं था।

एमएमआरडीए ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फुट ओवर ब्रिज के पास क्रेन से निर्माण सामग्री ले जाने वाले कंटेनर को ले जाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन गलती से वहां रखे ग्रेनाइट पत्थरों के ढेर से टकरा गई। टक्कर के कारण ग्रेनाइट की स्लैब अपना संतुलन खो बैठीं और नीचे गिर गईं।

एमएमआरडीए ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों का भी खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ग्रेनाइट की स्लैब सीधे स्कूल वैन के ऊपर गिरी थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पत्थर बैरिकेड्स वाले हिस्से में गिरे थे। पास से गुजर रही खाली वैन नुकीले पत्थरों पर चढ़ गई, जिससे उसका टायर पंचर हुआ।

घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए एमएमआरडीए प्रशासन ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य ठेकेदार जे. कुमार पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, स्टेशन एकीकरण का काम देख रहे ठेकेदार गजानन पर 1.5 करोड़ रुपये और जनरल कंसल्टेंट सिस्ट्रा-सीईजी पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेट्रो निर्माण के दौरान हुई इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ की गई भारी जुर्माने की कार्रवाई प्रशासन के कड़े रुख को दर्शाती है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story