: मीरा भाइंदर-वसई विरार (MBVV) पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत नयानगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में क्राइम ब्रांच यूनिट 04 ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष टीम ने जाल बिछाकर मुंबई, मीरा-भाइंदर और गुजरात से इस रैकेट में शामिल पति-पत्नी सहित कुल दस आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इन तस्करों के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स बरामद की गई है।

क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ जारी विशेष मुहिम के तहत, क्राइम ब्रांच यूनिट 04 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक (पीआई) प्रमोद बड़ाख और उनकी टीम ने 04 अप्रैल 2026 को मीरा रोड (पूर्व) के नयानगर स्थित बैक रोड पर छेड़ा आदर्श बिल्डिंग में छापेमारी की थी। इस दौरान फिरदोस अरबाज कुरैशी नामक महिला के घर से 1 किलो 324 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी बाजार में कीमत 2,66,17,280 रुपये आंकी गई है। जांच में खुलासा हुआ कि यह नशीला पदार्थ उसके पति अरबाज वकील कुरैशी द्वारा लाया गया था। इस मामले में नयानगर पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट 1985 की धारा 8 (a), 21 (a), 22 (a) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तस्करी के इस विशाल नेटवर्क की गहराई को देखते हुए पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, क्राइम पुलिस आयुक्त संदीप दोईफोड़े और क्राइम पुलिस उपायुक्त मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में एक विस्तृत ऑपरेशन चलाया गया। पीआई प्रमोद बड़ाख के नेतृत्व में सपोनी प्रशांत गांगुर्डे, दत्तात्रय सरक, मनोहर टावरे, संतोष मदने, दीपाली जाधव, शिवाजी पाटिल, रवींद्र भालेराव, विजय गायकवाड़, प्रवीणराज पवार, धनंजय चौधरी, हनुमंत सूर्यवंशी, समीर यादव, अश्विन पाटिल, रवींद्र कांबले, संदीप शेरमले, विकास राजपूत और सनी सूर्यवंशी की टीम ने गुजरात और मुंबई के विभिन्न हिस्सों में दबिश दी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए जोगेश्वरी (पश्चिम) के बेहरामबाग से मोइज जावेद खान, ओशिवारा से अरमान अली कलाम अली राइन और सुनील कमल यादव, मीरा रोड शांति पार्क से मोहम्मद वसीम यूसुफ शेख, गुजरात के राजकोट से इरफान अनवर कुडिया, भायखला से मोहम्मद अराफात शमसुद्दीन अंसारी और खालदा अराफात अंसारी, तथा जोगेश्वरी आनंद नगर से आकाश सत्यराम यादव को धरदबोचा। इन सभी आरोपियों के पास से कुल 6 किलो 773 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कुल कीमत 13,61,38,480 रुपये है। करोड़ों की इस बरामदगी और दस शातिर तस्करों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने नशे के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story