मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने कोचिंग के लिए सिंगापुर की AI कंपनी से मिलाया हाथ
शरद पवार इंडोर क्रिकेट अकादमी में 4 कैमरे लगाएंगे डिजिटल रिपोर्ट, खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन सुधारने में मिलेगी मदद।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने कोचिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए सिंगापुर की AI कंपनी से समझौता किया।
मुंबई। मुंबई क्रिकेट में अब खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन को निखारने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया जाएगा। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने अपनी पारंपरिक कोचिंग प्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए सिंगापुर की प्रसिद्ध एआई कंपनी 'लेवल अप स्पोर्ट्सलिटिक्स' के साथ विशेष समझौता किया है। इस पहल के साथ एमसीए अपने कोचिंग सिस्टम में एआई तकनीक को पूरी तरह शामिल करने वाली देश की पहली राज्य क्रिकेट संस्था बन गई है।
इस समझौते के तहत सिंगापुर की कंपनी बीकेसी स्थित शरद पवार इंडोर क्रिकेट अकादमी में एमसीए के कोचों के साथ मिलकर काम करेगी। यहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उनकी तकनीकी क्षमता का आकलन करने के लिए अत्याधुनिक एआई प्रणाली विकसित की जाएगी। अकादमी की प्रत्येक पिच पर अलग-अलग कोणों से चार हाई-टेक कैमरे लगाए जाएंगे, जो बल्लेबाजों और गेंदबाजों की हर गतिविधि, मूवमेंट और तकनीक को बारीकी से रिकॉर्ड करेंगे।
नई व्यवस्था के जरिए कोच खिलाड़ियों के प्रदर्शन का डिजिटल विश्लेषण आसानी से कर सकेंगे। किसी खिलाड़ी के शॉट खेलने के तरीके या गेंदबाजी एक्शन का आकलन करने के लिए कोच को ऐप में केवल संबंधित खिलाड़ी का नाम दर्ज करना होगा। इसके बाद उसकी तकनीक से जुड़ी विस्तृत डिजिटल रिपोर्ट उपलब्ध हो जाएगी। इससे खिलाड़ियों की तकनीकी कमजोरियों और उनकी खेल शैली का विश्लेषण करने में मदद मिलेगी।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नायक ने इस पहल को समय के साथ बदलती जरूरतों के अनुरूप उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि समय के साथ बदलना बेहद जरूरी है। यह एक प्रायोगिक प्रोजेक्ट है, जिसे इसकी सफलता और खिलाड़ियों तथा कोचों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, कंपनी के सीईओ सितांशु डैश के अनुसार, यह एआई टूल कोचों की क्षमता और पहुंच को 20 से 100 गुना तक बढ़ा देगा। इससे कोच कम समय में अधिक खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तकनीक का सटीक विश्लेषण कर सकेंगे।
मुंबई क्रिकेट में एआई तकनीक का यह प्रयोग प्रशिक्षण व्यवस्था को डिजिटल विश्लेषण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शरद पवार इंडोर क्रिकेट अकादमी में शुरू होने वाली यह व्यवस्था खिलाड़ियों की तकनीकी बारीकियों के आकलन और कोचिंग की कार्यक्षमता बढ़ाने पर केंद्रित रहेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
