माहिम: शादी के लिए बनवाए 5 लाख के सोने के गहने निकले नकली, जूलर पर केस दर्ज
मुंबई के माहिम में एक मछली विक्रेता महिला से 6 लाख रुपये की ठगी, परिचित जूलर ने असली सोना लेकर शादी के लिए थमाए नकली आभूषण।

मुंबई के माहिम इलाके में एक परिवार के साथ धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटे की शादी के लिए परिचित जूलर से बनवाए गए स्वर्णाभूषणों की चमक नौ दिन भी नहीं टिक पाई। जांच में इन स्वर्णाभूषणों के पूरी तरह नकली होने का खुलासा हुआ है, जिसके बाद माहिम पुलिस स्टेशन में आरोपी जूलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पांच लाख का सोना देकर बनवाए थे शादी के जेवर
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, माहिम में रहने वाली एक मछली विक्रेता महिला के बेटे की शादी तय हुई थी। इसके लिए उसने साल 2025 में इलाके के एक परिचित जूलर के पास अपना लगभग पांच लाख रुपये का सोना जमा किया था। 7 फरवरी को शादी होने के कारण जूलर को इस सोने से मंगलसूत्र और अन्य स्वर्णाभूषण बनाने के लिए कहा गया था। जनवरी महीने में जूलर ने महिला और उसके बेटे द्वारा बताए गए डिजाइन के अनुसार मंगलसूत्र, सोने की चेन और अन्य स्वर्णाभूषण बनाकर दे दिए।
जांच में हुआ नकली सोने का बड़ा खुलासा
जनवरी महीने के आखिरी सप्ताह में महिला जूलर से स्वर्णाभूषण घर ले आई, लेकिन 7 फरवरी तक ये स्वर्णाभूषण काले पड़ने लगे। जब महिला ने इस बारे में बात करने के लिए जूलर से संपर्क करने की कोशिश की, तो वह नहीं मिला और फोन पर भी उसकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शक होने पर महिला ने जब किसी अन्य जूलर से स्वर्णाभूषणों की जांच करवाई, तो पता चला कि इन स्वर्णाभूषणों में बिल्कुल भी सोना नहीं है। ### छह लाख से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
इसके बाद जब दोबारा जूलर से संपर्क किया गया, तो उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। धोखाधड़ी का एहसास होने पर महिला ने छह लाख रुपये से अधिक की ठगी के आरोप में माहिम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
