मुंबई के महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास केशवराव खाड्ये मार्ग पर मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा मुंबई का पहला केबल आधारित रेलवे ओवरब्रिज तेजी से बनाया जा रहा है। विकास योजना के तहत बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निरीक्षण अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर ने किया। उन्होंने निर्माण स्थल का जायजा लेकर कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख इंजीनियर राजेश मुले सहित अन्य वरिष्ठ इंजीनियर मौजूद रहे।

यह फ्लाईओवर मुंबई में रेलवे ट्रैक के ऊपर बीएमसी द्वारा बनाया जाने वाला पहला केबल आधारित ओवरब्रिज है। इसकी लंबाई 803 मीटर और चौड़ाई 17.2 मीटर है। यह पश्चिम रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरते हुए सात रास्ता को सीधे महालक्ष्मी रेसकोर्स मैदान से जोड़ेगा। रेलवे सीमा के भीतर ओवरब्रिज की चौड़ाई 23.01 मीटर रखी गई है।

केबल-स्टेड ब्रिज को सहारा देने के लिए 78.5 मीटर ऊंचा विशाल स्टील पाइलॉन खड़ा किया गया है। इसके पश्चिमी हिस्से में 95 मीटर लंबे स्पैन का काम पूरा हो चुका है। वहीं, पूर्वी हिस्से में 165 मीटर लंबे स्पैन का निर्माण रेलवे विभाग से मेगा ब्लॉक की अनुमति मिलने के बाद पूरा किया जाएगा।

प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को गति देने के लिए बीएमसी द्वारा कंक्रीट का नया सर्विस रोड भी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही उपयोगिता वाहिकाओं को शिफ्ट करने का काम जारी है। ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर वाहनों को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा, जिससे बचे हुए पांच पिलरों का निर्माण भी जल्द पूरा किया जा सके।

बीएमसी के ब्रिज विभाग ने पूरे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद महालक्ष्मी और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story