लाडनूं में अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण की पावन सन्निधि में 77वें अणुव्रत अधिवेशन का भव्य शुभारंभ हुआ। 14 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस त्रिदिवसीय अधिवेशन का उद्घाटन राजस्थान सरकार के शिक्षामंत्री मदन दिलावर और अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतापसिंह दुगड़ ने अणुव्रत ध्वज फहराकर किया। इस अवसर पर पूज्य युवाचार्य महावीर कुमार, साध्वी प्रमुखाश्री विश्रुतविभा और साध्वीवर्याजी संबुद्धयशा का मंगल उद्बोधन एवं प्रेरक मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।

अधिवेशन के शुभारंभ अवसर पर आचार्य महाश्रमण ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि पूज्य गुरुदेव तुलसी द्वारा प्रवर्तित अणुव्रत आंदोलन जैन धर्म अथवा किसी एक संप्रदाय तक सीमित नहीं है। यह मनुष्य को अच्छा इंसान बनाने का विशिष्ट अभियान है। अणुव्रत व्यक्ति को इंसानियत का पाठ पढ़ाता है। पूज्य गुरुदेव तुलसी का संदेश था कि इंसान पहले इंसान बने, उसके बाद हिंदू या मुसलमान। उन्होंने जीवन का सूत्र दिया था—सादा जीवन, उच्च विचार मानव जीवन का शृंगार है।


आचार्यश्री ने कहा कि किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसके परिवेश अथवा धन-संपदा के आधार पर नहीं, बल्कि उसके चारित्र से होता है। अणुव्रत आचार संहिता को समझकर स्वीकार करने वाला व्यक्ति नशा नहीं करेगा, पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाएगा तथा किसी निरपराध प्राणी की हिंसा नहीं करेगा और न ही उसे दुख पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि 77 वर्षों की लंबी अवधि के बाद भी अणुव्रत आंदोलन का निरंतर जीवित रहना ही इसकी उपयोगिता और आवश्यकता का प्रमाण है।

युवाचार्य महावीर कुमार ने अपने उद्बोधन में अणुव्रत के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कहा कि अणुबम का अणु समूचे जगत के विनाश का द्योतक है, जबकि अणुव्रत का अणु विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाओं का कार्यक्षेत्र अपने धर्मसंघ तक सीमित रहता है, जबकि अणुव्रत का कार्यक्षेत्र संपूर्ण विश्व तक विस्तृत है। अणुव्रत के लिए खुला आकाश है।


राजस्थान सरकार के शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने कहा कि वर्तमान समय में समाज और देश में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। नशे के कारण युवा पीढ़ी कमजोर हो रही है और मनुष्य पर्यावरण को भी दूषित कर रहा है। इन दूषणों का डटकर मुकाबला करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी छोटे-छोटे संकल्प स्वीकार कर अपने जीवन को उन्नत बना सकती है।

साध्वी प्रमुखाश्री विश्रुतविभा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अणुव्रत उपासना का धर्म नहीं, बल्कि आचरण का धर्म है। यह मानव को मानवता की राह दिखा रहा है। अणुव्रत से जुड़ने वाले व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन आता है। साध्वीवर्याजी संबुद्धयशाजी ने भी इस अवसर पर मंगल उद्बोधन प्रदान किया।

अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतापसिंह दुगड़ ने उपस्थित अतिथियों और सभी महानुभावों का स्वागत किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि पूज्य गुरुदेव ने दो वर्ष पूर्व सूरत में उनके कंधों पर अणुव्रत विश्व भारती के अध्यक्षीय दायित्व के निर्वहन की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कुछ नहीं किया है और अकेला अध्यक्ष भी कुछ नहीं कर सकता। विगत दो वर्षों में अणुव्रत के लिए जो भी कार्य हुआ है, उसमें पूज्य गुरुदेव की कृपा और साथी कार्यकर्ताओं का श्रम योगभूत रहा है।

अणुविभा के प्रधान न्यासी तेजकरणजी सुराणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन अणुविभा महामंत्री मनोज सिंघवी ने किया।

अधिवेशन के दौरान अणुविभा की ओर से देशभर की अणुव्रत समितियों और अणुव्रत मंचों के क्रियाकलापों का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ इकाइयों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय क्रम में पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।

समितियों की श्रेणी में दिल्ली को प्रथम, कोलकाता और जयपुर को द्वितीय तथा चेन्नई को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। नगर श्रेणी में फरीदाबाद प्रथम, उदयपुर और गुवाहाटी द्वितीय तथा हिसार और भीलवाड़ा तृतीय स्थान पर रहे। शहर श्रेणी में बीदासर को प्रथम, लाडनूं को द्वितीय तथा बाड़मेर और चूरू को तृतीय स्थान मिला।

अणुव्रत मंच श्रेणी में गंगापुर को प्रथम, असाड़ा को द्वितीय तथा दौलतनगर को तृतीय स्थान के लिए चुना गया। वहीं, अध्यक्षीय प्रोत्साहन सम्मान अणुव्रत समिति बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई, हावड़ा, जोधपुर, कटक, सिलीगुड़ी, भुज, रतनगढ़, सूरत और किशनगढ़ को दिया गया।

77वें अणुव्रत अधिवेशन के शुभारंभ के साथ ही मानवता, नैतिक आचरण, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संकल्पों को केंद्र में रखते हुए अणुव्रत आंदोलन की व्यापक भूमिका सामने आई। तीन दिवसीय आयोजन में देशभर की समितियों और मंचों के कार्यों का मूल्यांकन तथा श्रेष्ठ इकाइयों का सम्मान भी अधिवेशन का प्रमुख हिस्सा रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story