मुंबई। मध्य रेलवे के ट्रान्स हार्बर मार्ग स्थित कोपरखैरने रेलवे स्टेशन से महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर में दिनदहाड़े एक संदिग्ध शख्स द्वारा महिला यात्रियों का पीछा करने और उनकी ओर अश्लील नजरों से देखने का आरोप लगा है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रोजाना ट्रेन से सफर करने वाली महिलाओं और अन्य यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति लगातार महिला यात्रियों के पीछे-पीछे घूम रहा है और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि संबंधित व्यक्ति का एक हाथ नहीं है। भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर दिन के समय इस तरह की हरकत सामने आने से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के दौरान स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी को लेकर भी यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों का सवाल है कि जब संदिग्ध व्यक्ति महिला यात्रियों का पीछा कर रहा था और उन्हें परेशान करने का प्रयास कर रहा था, तब स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस और सुरक्षा कर्मी कहां थे।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों और आम नागरिकों ने रेलवे प्रशासन तथा रेलवे पुलिस यानी जीआरपी से संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिस को वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उससे कड़ी पूछताछ करनी चाहिए।

इस घटना ने एक बार फिर ट्रान्स हार्बर रूट पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पूरे मामले को लेकर अभी तक रेलवे पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story