दादर के कोहिनूर स्क्वॉयर की 50 मंजिला इमारत में आग से मचा हड़कंप, होटल की रसोई तक पहुंचीं लपटें
मुंबई के दादर पश्चिम स्थित कोहिनूर स्क्वॉयर इमारत के पहले माले पर स्थित होटल की रसोई में आग लग गई, दमकल विभाग की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला।

मुंबई के दादर पश्चिम में शिवसेना भवन के ठीक सामने स्थित 50 मंजिला कोहिनूर स्क्वॉयर इमारत के पहले माले पर बने एक होटल की रसोई में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, आग लगने की घटना सोमवार सुबह लगभग 9:18 बजे दर्ज की गई। कोहिनूर स्क्वॉयर की पहली मंजिल पर स्थित होटल के किचन से धुआं और लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुबह 9:25 बजे आग को 'लेवल-1' यानी शुरुआती स्तर की आग घोषित किया गया। इसके बाद दमकल गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
आग की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग के साथ स्थानीय पुलिस, बेस्ट बिजली विभाग, वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमकलकर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए होटल की रसोई में लगी आग पर काबू पाया और उसे इमारत के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। प्रशासन ने पुष्टि की कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। 50 मंजिला इमारत में आग लगने की इस घटना के दौरान अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
