मुंबई। महानगर की एमआईडीसी पुलिस ने एक सनसनीखेज अपहरण और फिरौती के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रेहान शकील शेख, रूपेश महेंद्र यादव, आमिर अयुब मिर्जा और संदीप लेखाराम बिष्नोई शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस आपराधिक साजिश का सूत्रधार खुद पीड़ित का करीबी रिश्तेदार संदीप निकला, जिसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता अंधेरी इलाके में रहते हैं और एक गैस एजेंसी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं। अगस्त महीने में पहली बार तीन आरोपियों ने उनका अपहरण कर उन्हें गोरेगांव स्थित आरे कॉलोनी ले जाकर बंधक बना लिया था। आरोपियों ने उनकी रिहाई के बदले फिरौती की मांग की और करीब डेढ़ लाख रुपये वसूल करने के बाद उन्हें छोड़ दिया।

हालांकि, 31 अक्टूबर को आरोपी फिर सक्रिय हुए और शिकायतकर्ता को दोबारा अगवा कर फिरौती वसूलने की कोशिश की। लेकिन इस बार पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए एमआईडीसी पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि संदीप ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस पूरे अपराध की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से चारों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि लालच और आपसी विश्वासघात कैसे रिश्तों को अपराध की राह पर धकेल देता है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है ताकि इस साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पर्दाफाश किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story