मुंबई में मानसून के आगमन के साथ ही बीएमसी संचालित प्रमुख अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। परेल स्थित प्रसिद्ध सेठ गोवर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज और केईएम अस्पताल परिसर में मानसून पूर्व मरम्मत तथा विभिन्न नागरिक कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए बीएमसी ने प्रशासनिक स्तर पर वित्तीय मंजूरियां प्रदान की हैं। इन कार्यों का विस्तृत विवरण मुंबई महानगरपालिका अधिनियम, 1888 की संशोधित धारा 69 (क) के तहत बीएमसी की स्थायी समिति के समक्ष औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

मुंबई महानगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार 5 लाख रुपये से लेकर 75 लाख रुपये तक के आवश्यक कार्यों को तत्काल मंजूरी देने का अधिकार आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त है। साथ ही ऐसे सभी कार्यों की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है। इसी प्रक्रिया के तहत केईएम अस्पताल प्रशासन द्वारा मानसून के मद्देनजर अस्पताल परिसर में आवश्यक सुरक्षा और मरम्मत कार्य कराए गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, परिसर की मुख्य और पुरानी इमारतों, एडी बंगले, डीन बंगले तथा बोईवाड़ा नर्सिंग स्कूल में जल-रिसाव रोकने के लिए तरपाल लगाने और आवश्यक सुरक्षात्मक सिविल कार्य पूरे किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर स्थित एमएस इमारत के दक्षिणी हिस्से के बाहरी प्लास्टर तथा जर्जर हो चुकी पट्टियों को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने का कार्य भी पूरा किया गया है।

इन सभी कार्यों के लिए पारदर्शी ई-निविदा प्रक्रिया अपनाई गई। दस्तावेजों के अनुसार परिसर में तरपाल लगाने और सुरक्षात्मक मरम्मत के लिए मेसर्स व्ही-टेक कॉर्पोरेशन को 16.89 लाख रुपये, एमएस इमारत के जर्जर हिस्सों को हटाने के लिए मेसर्स रियल कॉर्पोरेशन को 18.58 लाख रुपये तथा मुख्य इमारत की छतों पर वाटरप्रूफिंग और सुरक्षा कार्यों के लिए मेसर्स राधा कृष्णा कॉर्पोरेशन को 18.00 लाख रुपये के कार्यादेश स्वीकृत किए गए हैं।

इन सभी सिविल कार्यों का मुख्य उद्देश्य बारिश के मौसम में मरीजों, डॉक्टरों और कर्मचारियों को किसी भी संभावित खतरे या दुर्घटना से सुरक्षित रखना तथा ऐतिहासिक केईएम अस्पताल भवन की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से बीएमसी ने प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत स्वीकृत सभी कार्यों का ब्यौरा स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक औपचारिकताओं का पालन किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story