मुंबई। मुंबई के प्रसिद्ध केईएम अस्पताल में लिफ्ट सेवाएं ठप होने से मरीजों की परेशानी का गंभीर मामला सामने आया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित अस्पताल के सेठ धुरमल बजाज अस्थि व्यंग्य केंद्र में प्लास्टर लगे एक बुजुर्ग मरीज को लिफ्ट बंद होने के कारण सीढ़ियों पर बैठकर एक-एक सीढ़ी फिसलते हुए नीचे उतरना पड़ा। इस घटना का वीडियो फुटेज सामने आने के बाद बीएमसी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

घटना के दौरान अस्पताल में न तो व्हीलचेयर उपलब्ध थी और न ही स्ट्रेचर। मरीज की सहायता के लिए अस्पताल का कोई कर्मचारी भी मौके पर मौजूद नहीं था। ऐसे में प्लास्टर लगे बुजुर्ग को सीढ़ियों से उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ गई।

मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बीएमसी के उपमहापौर संजय घाडी ने इसे महानगरपालिका की छवि पर धब्बा और मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। उन्होंने इस स्थिति के लिए बीएमसी के यांत्रिक एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की मनमानी और घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

उपमहापौर ने सवाल उठाया कि अस्पताल की लिफ्टों का उचित रखरखाव क्यों नहीं किया गया और खराब लिफ्ट को बदलने में देरी किस वजह से हुई। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या अधिकारियों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को जानबूझकर लंबित रखा गया था।

संजय घाडी ने कहा कि करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद यदि मरीजों को लिफ्ट, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती हैं, तो यह प्रशासन के लिए बेहद शर्मनाक है।

केईएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार आ रही रुकावटों और मरीजों को हो रही गंभीर परेशानियों को देखते हुए उपमहापौर ने बीएमसी प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने यांत्रिक एवं विद्युत विभाग के संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और उन्हें उनके मौजूदा पदों से हटाने के आदेश दिए हैं।

वहीं, बीएमसी प्रशासन ने मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना ने अस्पतालों में लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव और मरीजों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही का मुद्दा सामने ला दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story