दिनदहाड़े बंद फ्लैट में 57 लाख से अधिक की चोरी का खुलासा, मां-बेटे समेत ज्वैलर्स गिरफ्तार
काशीमीरा में दिनदहाड़े बंद फ्लैट से 57 लाख रुपये से अधिक की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया। जांच में सामने आई दोस्ती, भरोसे और सुनियोजित साजिश की कहानी ने सभी को हैरान कर दिया।

काशीमीरा पुलिस स्टेशन में चोरी के मामले का भंडाफोड़ करने के बाद बरामद सोने, नकदी और मोबाइल फोन के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और डिटेक्शन ब्रांच की टीम।
मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के काशीमीरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बंद फ्लैट से लाखों रुपये के सोने और नकदी की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। काशीमीरा पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच ने मामले में मां-बेटे सहित चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वैलर्स को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोना, नकदी, वारदात में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन सहित कुल 68.70 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को शाम करीब पांच बजे शिकायतकर्ता महिला किसी कार्य से घर से बाहर गई थीं। लगभग एक घंटे बाद जब वह वापस लौटीं तो उनके फ्लैट का दरवाजा खुला मिला। अनहोनी की आशंका के बीच जब उन्होंने घर के भीतर जाकर जांच की तो बेडरूम में रखी तिजोरी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। तिजोरी की जांच करने पर 378.80 ग्राम सोने की सिल्लियां, जिनकी कीमत लगभग 56.70 लाख रुपये बताई गई, तथा 10.50 लाख रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद महिला ने काशीमीरा पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए काशीमीरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(3), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले के निर्देशन में मामले की जांच के लिए दो विशेष टीमें गठित की गईं।
डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर अली असगर मुसाजी सौदागर (24) और उसकी मां तस्नीम मुसाजी सौदागर (46) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सोने को आरोपियों ने ज्वैलर्स हितेंद्र बाबूलाल चोरडिया को बेच दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वैलर्स को भी हिरासत में लिया और उसके पास से चोरी का सोना बरामद कर लिया। इसके साथ ही नकदी, बाइक और मोबाइल फोन समेत कुल 68.70 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया।
पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि आरोपी तस्नीम मुसाजी सौदागर की शिकायतकर्ता महिला से गहरी मित्रता थी। दोनों के बीच करीबी संबंध होने के कारण आरोपी महिला का शिकायतकर्ता के घर नियमित आना-जाना था। इसी दौरान उसे घर में रखे सोने और नकदी की जानकारी मिल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने पहले ही फ्लैट की चाबी चुरा ली थी। वारदात वाले दिन जब शिकायतकर्ता घर से बाहर गईं तो आरोपी महिला अपने बेटे के साथ बिल्डिंग पहुंची। बेटा बाइक के साथ नीचे खड़ा रहा, जबकि महिला ने चोरी की गई चाबी से फ्लैट का दरवाजा खोलकर तिजोरी से सोना और नकदी निकाल ली। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस की सतर्क जांच, तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा संभव हो सका। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
