काशीगांव पुलिस की जुआ अड्डे पर छापेमारी, 48.55 लाख का माल बरामद
काशीगांव पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित होटल में जुआ खेल रहे 9 लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई में गेम कॉइन, नकदी, मोबाइल, दो एक्सयूवी कारें और अन्य सामान समेत 48.55 लाख रुपये का माल बरामद हुआ।

तस्वीर में काशीगांव पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी बरामद किए गए गेम कॉइन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री के साथ खड़े हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 1 अंतर्गत काशीगांव पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित होटल में जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया। उनके पास से लाखों रुपये के प्लास्टिक गेम कॉइन, मोबाइल फोन, नकदी, दो एक्सयूवी लक्जरी कारें और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत कुल 48 लाख 55 हजार रुपये का कीमती सामान बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, काशीगांव पुलिस स्टेशन के पीआई राहुल कुमार पाटील को सूचना मिली थी कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित फाउंटेन होटल में कुछ लोग गैरकानूनी रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद उनकी डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने काजूपाड़ा स्थित गोल्डन रिट्रीट होटल में जाल बिछाकर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने होटल के एक कमरे में 9 लोगों को एकत्र होकर जुआ खेलते हुए पाया। कार्रवाई के दौरान दो लाख रुपये से अधिक कीमत के प्लास्टिक गेम कॉइन, ताश की कई गड्डियां, मोबाइल फोन, दो एक्सयूवी लक्जरी कारें, हजारों रुपये की नकदी और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद किए गए सामान की कुल कीमत 48 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम ने संजय सखाराम चालके, दहिसर मुंबई; देवांग किरीटभाई चल्ला, मीरारोड; चंदूभाई पोपटभाई मेवारिया, वसई; धरम संजय, कांदिवली; मुनीर मेहंदी कपाड़िया, मुंब्रा; जयेश कालुभाई सुतारिया, दहिसर पूर्व मुंबई; हरेश वाघजीपाई मेवारिया, वसई और धवल गोपाल मकवाना, मालाड पूर्व मुंबई को हिरासत में लिया है।
होटल में चल रहे जुए में शामिल लोगों के साथ ही जुए का संचालन कौन कर रहा था, इस संबंध में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल में चल रहे जुए के संचालन के पीछे कौन लोग शामिल थे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
