खड़ी कार से 11.55 लाख चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रैपिडो लूट का आरोपी भी पकड़ा
काशीगांव पुलिस ने खड़ी कार से 11.55 लाख चोरी और रैपिडो चालक लूट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।

तस्वीर में काशीगांव पुलिस टीम के साथ एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान मीरारोड क्षेत्र में मौजूद है।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत काशीगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खड़ी कार से लाखों रुपये चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। काशीगांव पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की रकम में से 11,20,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने रैपिडो रिक्शा चालक से कोयता दिखाकर लूट करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में शिकायतकर्ता अपने मित्र के साथ 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 4 बजे कार क्रमांक एमएच 47 CK 2222 से जा रहा था। रास्ते में कार पंचर हो गई, जिसके बाद उसने बाबा टायर के पास पंचर बनवाने के लिए कार खड़ी कर दी। दोनों दोस्त आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से कार में रखी रुपयों से भरी थैली चोरी कर ली।
चोरी हुई थैली में 11,55,000 रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने काशीगांव पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इतनी बड़ी चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पीआई राहुलकुमार पाटील के मार्गदर्शन में काशीगांव पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मीरा रोड, नवघर, नयानगर सहित अन्य क्षेत्रों में खोज अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने अज्ञात चोर की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर शरर्युसर्जन बिल्डिंग, नयानगर, मीरारोड से शोहेब अंजुमन खान उम्र 25 वर्षीय को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जिसमें कार से चोरी किए गए 11,20,000 रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इसी तरह काशीगांव पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने एक अन्य मामले में रैपिडो रिक्शा चालक से लूट करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने रैपिडो रिक्शा बुक कर चालक को कोयता दिखाकर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी।
18 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे शिकायतकर्ता रैपिडो चालक को बुकिंग का मैसेज आया था। वह सवारी लेने के लिए वेलकम पेट्रोल पंप, घोड़बंदर रोड पहुंचा। वहां एक युवक रैपिडो रिक्शा में बैठा और कुछ दूरी जाने के बाद ऑटो रुकवाकर चालक को कोयता दिखाकर डराया-धमकाया।
आरोपी ने चालक से 2,000 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। इसके साथ ही ऑनलाइन GP के माध्यम से 2,000 रुपये ट्रांसफर भी करवाए। घटना के बाद पीड़ित रैपिडो चालक ने काशीगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। गुप्त सूचना और सायबर टीम की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाकर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस टीम ने आकृति बिल्डिंग, हाटकेश, मीरारोड से सलमान नसीम अहमद अंसारी उम्र 20 वर्ष को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने रैपिडो चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और 4,000 रुपये लूटने की बात कबूल की है। फिलहाल काशीगांव पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
