काशीगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
काशीगांव पुलिस ने ड्रग्स तस्करी गिरोह का खुलासा कर तीन आरोपियों को पकड़ा, 33.40 लाख रुपये की MD ड्रग्स बरामद की गई।

तस्वीर में काशीगांव पुलिस स्टेशन परिसर में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के साथ पुलिसकर्मी बरामद किए गए सामान और नकदी के प्रदर्शन के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 01 स्थित काशीगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में नशीले पदार्थों की हेराफेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक इस्टेट एजेंट, एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर और एक दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने मूल कारोबार की आड़ में ड्रग्स रैकेट चला रहे थे और पुलिस को गुमराह करने के लिए व्यवसाय का सहारा लेकर नशीले पदार्थों की बिक्री करते थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पीआई राहुलकुमार पाटील को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काशीमीरा रोड कजरिया शो रूम के पास नशीला पदार्थ MD बेचने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और कार क्रमांक MH.01 CH.4232 के साथ नदीम अब्दुल्ला खान उम्र 28 वर्षीय को पकड़ लिया।
पुलिस नदीम अब्दुल्ला खान को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन लेकर आई और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने प्लास्टिक पाउच में कुल वजन 12.93 ग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) बरामद किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच पड़ताल शुरू की गई तो सामने आया कि वह बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के कारोबार की आड़ में ड्रग्स रैकेट चला रहा था और उसका एक और पार्टनर भी था।
नदीम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अबुजर अब्दुलकलाम चौधरी उम्र 33 वर्ष, पेशा रियल एस्टेट, निवासी नाइस सिटी, शिलफाटा मुंब्रा ईस्ट को हिरासत में लिया। पूछताछ में अबुजर चौधरी ने बताया कि नदीम के पास से बरामद किया गया ड्रग्स उसने बेचा था।
इसके बाद अबुजर चौधरी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि उसने यह ड्रग्स उमर मंजिल काम्बेकर स्ट्रीट एम.वी.पी. रोड डोंगरी मुंबई निवासी मंजूर शेख मंजूर महमूद अहमद शेख, उम्र 44 वर्ष, पेशा मजदूर से खरीदा था। इस तरह काशीगांव पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने इस्टेट एजेंट, बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर और दिहाड़ी मजदूर की तिकड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान कुल 122 ग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) नशीला पदार्थ बरामद किया, जिसकी कुल कीमत 33,40,000 रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की धारा 8 (a), 21 (b) 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशीले पदार्थों की हेराफेरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
