काशीगांव-मानिकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, डकैती की तैयारी कर रहे पांच आरोपी गिरफ्तार
काशीगांव-मानिकपुर पुलिस ने डकैती की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को कार और हथियारों सहित गिरफ्तार किया, जांच में कई मामले सामने आए।

तस्वीर में मीरा भाईंदर पुलिस थाने के बाहर गिरफ्तार किए गए आरोपी और पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन-1 के काशीगांव और मानिकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने डकैती की तैयारी कर रहे एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार समेत दो चाकू, दो पिस्तौल, दो कटर, चार लोहे की कटौनी, दो वायरलेस वॉकी-टॉकी, पक्कड़, स्क्रू ड्राइवर सहित कई घातक हथियार बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, काशीगांव पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग एक कार के पास एकत्रित होकर किसी स्थान पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पीआई राहुल कुमार पाटील और हीरालाल जाधव के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने कार्रवाई की। टीम में एपीआई सुहास कांबले, अनिल शिंदे, पवित्रा वाघ, प्रताप पंचुडे, किरण वीरकर, नामदेव देवकट्टे, प्रवीण तोबारे, दीपक कुलकर्णी, अर्जुन बोरसे और अभिषेक मडावी शामिल थे। मानिकपुर पुलिस की ओर से पीएसआई चुडामन मोरे, सचिन दौड़कर, गोविंद लेवटे, सागर बारवकर और अनिल चव्हाण सहित पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।
पुलिस टीम ने संदिग्धों को घेरने के लिए मौके पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि कार में बैठे दो आरोपी कार लेकर भागने में कामयाब हो गए।
दोनों आरोपी कार को तेज रफ्तार से चलाते हुए मौके से फरार होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में पैदल जा रहा एक व्यक्ति आ गया। घटना के बाद दोनों आरोपी कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और दोनों को भी पकड़ लिया। इस तरह पुलिस ने मौके से भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पांचों आरोपियों को कार सहित पुलिस ने हिरासत में लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें चाकू, दो पिस्तौल, दो कटर, चार लोहे की कटौनी, दो वायरलेस वॉकी-टॉकी, पक्कड़, स्क्रू ड्राइवर सहित अन्य घातक हथियार मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में शाहनवाज इकराम कुरैशी उम्र 50 वर्ष, काशीगांव, मीरा रोड निवासी है। पुलिस के अनुसार वह शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, सिकंदराबाद आदि देश के विभिन्न राज्यों में 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरा आरोपी नौशाद इकराम कुरैशी उम्र 32 वर्ष, काशीगांव, मीरा रोड निवासी है और उसका मूल गांव सिकंदराबाद, यूपी है। वह रत्नागिरी जिले के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज 10 आपराधिक घटनाओं में मोस्ट वॉन्टेड अपराधी है। वहीं यूपी पुलिस आर्म्स एक्ट के पांच मामलों में उसकी तलाश कर रही है। पुलिस से बचने के लिए दोनों मच्छी बेचने का व्यवसाय करते हैं।
तीसरा आरोपी पप्पू हनीफ कुरैशी उम्र 40 वर्ष, मीरा रोड, काशीगांव, माशाचा पाड़ा निवासी है। पुलिस के अनुसार वह भी शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ यूपी में तीन मामले दर्ज हैं।
चौथा आरोपी इमरान अब्दुल रहीम कुरैशी उम्र 40 वर्ष, मीरा रोड, काशीगांव, माशाचा पाड़ा निवासी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश और लूटपाट के आठ गंभीर अपराध दर्ज हैं। गाडगे नगर और वसई पश्चिम स्थित मानिकपुर पुलिस स्टेशन आदि में उसके खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पांचवां आरोपी इरफान बाबू कुरैशी उम्र 23 वर्ष है। पुलिस के अनुसार वह नया अपराधी है और अभी-अभी गिरोह में शामिल हुआ था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी चिकन और मच्छी बेचने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देने से पहले संबंधित स्थान की रेकी करते थे और इसके बाद चोरी तथा लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के दौरान यदि कोई व्यक्ति मौके पर आ जाता था तो आरोपी खुद को ईडी, सीबीआई और सीआईडी आदि का अधिकारी बताकर वहां से भाग निकलते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी गुजरात, थाना, मुंबई और नवी मुंबई आदि क्षेत्रों में रेकी कर चुके हैं।
काशीगांव और मानिकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके पास से हथियारों की बरामदगी के बाद डकैती की तैयारी का मामला सामने आया है। पुलिस अब आरोपियों से संबंधित अन्य आपराधिक मामलों और उनकी गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
