अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह में कांजुरमार्ग में जीवन विज्ञान दिवस, योग-ध्यान से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
मुंबई के कांजुरमार्ग में अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित जीवन विज्ञान दिवस कार्यक्रम में योग, प्राणायाम और प्रेक्षा ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया।

मुंबई के कांजुरमार्ग में अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित जीवन विज्ञान दिवस कार्यक्रम में भाग लेते हुए प्रतिभागी और प्रशिक्षक।
मुंबई। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान एवं अणुव्रत समिति मुंबई के निर्देशन में कांजुरमार्ग क्षेत्र में जीवन विज्ञान दिवस का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम, प्रेक्षा ध्यान और कायोत्सर्ग के माध्यम से स्वस्थ तन, शांत मन एवं संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
अणुव्रत समिति कांजुरमार्ग के संयोजक संदीप बापना ने सभी का स्वागत करते हुए अणुव्रत आंदोलन एवं अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह की जानकारी दी। उन्होंने जीवन में संयम, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शंकर मारुति आहेर ने योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा। इसके पश्चात रेखा चण्डालिया ने प्रेक्षा ध्यान एवं कायोत्सर्ग के प्रयोग करवाए। इन प्रयोगों के माध्यम से प्रतिभागियों को मन की शांति, एकाग्रता एवं आत्म-जागरूकता का अनुभव कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग, प्राणायाम, ध्यान एवं कायोत्सर्ग के माध्यम से उन्होंने स्वस्थ तन, शांत मन एवं संतुलित जीवन की दिशा में एक सार्थक कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में सह-संयोजक दिनेश सांखला, रमेश कटारिया, बाबूलाल कोठारी, भावना सांखला, मुदित कोठारी सहित अणुव्रत समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उपस्थितजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक अणुव्रत गीत के साथ हुआ। जीवन विज्ञान स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की ओर एक कदम के संदेश के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
