मुंबई। अंधेरी और ओशिवरा के निवासियों को रोजाना के भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी मुक्ति दिलाने के संकल्प के साथ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने एक निर्णायक कदम उठाते हुए ओशिवरा में अतिक्रमण विरोधी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) को न्यू लिंक रोड से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट के मार्ग में बाधा बने 87 अवैध निर्माणों को बीएमसी के 'के-पश्चिम' वॉर्ड द्वारा पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया है।

यह महत्वपूर्ण कार्रवाई बीएमसी परिमंडल-4 की उपायुक्त भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन में और सहायक आयुक्त चक्रपाणि अल्ले के कुशल नेतृत्व में संचालित की गई। प्रशासन के अनुसार, इस मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट का प्रथम और द्वितीय चरण पूर्ण होने के उपरांत बेहराम बाग, वीरा देसाई विस्तारित मार्ग तथा ओशिवरा परिसर में उत्तर-दक्षिण यातायात की सुगमता में ऐतिहासिक सुधार आएगा। दशकों से संकरी सड़कों पर रेंगते यातायात से जूझ रहे लाखों वाहन चालकों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस सड़क के निर्माण में बाधक बनी 87 संरचनाओं में 86 आवासीय झोपड़ियां और एक व्यावसायिक ढांचा शामिल था। बीएमसी द्वारा की गई विस्तृत छानबीन के पश्चात इनमें से 29 निर्माणों को पुनर्वास हेतु पात्र घोषित किया गया है, जबकि 57 निर्माण पूर्णतः अपात्र और अवैध पाए गए। इस भारी-भरकम कार्रवाई के लिए 'के-पश्चिम' विभाग के रखरखाव व अतिक्रमण हटाओ दस्ते के दर्जनों कर्मचारी सुबह से ही मौके पर डटे रहे। ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए दो पोकलेन, तीन जेसीबी और कई ट्रकों का उपयोग किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ओशिवरा पुलिस स्टेशन द्वारा क्षेत्र में व्यापक पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस जनहितकारी निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अंधेरी-ओशिवरा के सुनियोजित विकास के लिए इस मिसिंग लिंक का निर्माण अनिवार्य है। साथ ही, नगरसेवकों ने बीएमसी प्रशासन से आग्रह किया है कि पात्र पाए गए 29 परिवारों को शीघ्र वैकल्पिक आवास आवंटित किए जाएं ताकि वे मानसून के आगमन से पूर्व सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित हो सकें। यह कार्रवाई न केवल ओशिवरा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि मुंबई के उपनगरीय यातायात में भी एक नई गति का संचार करेगी।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story