मुंबई के प्रसिद्ध जुहू बीच पर समुद्र की ऊंची लहरों के साथ लगातार बहकर आ रहे कचरे से मुंबईकरों की परेशानी बढ़ गई है। कचरे की शिकायतों के बाद महापौर रितू तावडे ने बुधवार, 19 अगस्त 2026 की शाम समुद्र तट का दौरा कर वहां चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान के-पश्चिम वार्ड समिति के अध्यक्ष रोहन राठौड़, स्थानीय पार्षद सुधा सिंह, सह आयुक्त डॉ. भाग्यश्री कापसे और सहायक आयुक्त कुंदन वलवी समेत कई वरिष्ठ बीएमसी अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने महापौर को बताया कि सात किलोमीटर लंबे जुहू समुद्र तट पर मानसून के दौरान हर दिन करीब 200 से 250 मीट्रिक टन कचरा समुद्र से बहकर पहुंच रहा है। बीच की सफाई के लिए दो शिफ्टों में 150 सफाईकर्मियों को तैनात किया गया है। ये कर्मचारी प्रतिदिन कम से कम 180 टन कचरा हटाने का काम कर रहे हैं।

कचरे के निस्तारण और समुद्र तट की सफाई के लिए बीएमसी ने बीच क्लीनिंग मशीन, पोकलेन, जेसीबी, बुलडोजर और 25 डंपर तैनात किए हैं। महापौर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

रितू तावडे ने नागरिकों से भी अपील की कि मुंबई के समुद्र तट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं और इन्हें साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कचरा केवल कूड़ेदान में डालने का आग्रह किया। साथ ही अधिकारियों को जुहू बीच पर जागरूकता बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को समुद्र तट की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जा सके।

निरीक्षण के अंत में महापौर ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। मानसून के दौरान रोजाना बड़ी मात्रा में समुद्र से पहुंच रहे कचरे के बीच बीएमसी की सफाई व्यवस्था को तेज करने के निर्देश जुहू बीच की स्वच्छता व्यवस्था के लिए अहम माने जा रहे हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story