जोगेश्वरी दुर्घटना: बेस्ट बस की टक्कर से घायल व्यापारी की मौत
जोगेश्वरी में माजास डेपो के पास टेम्पो से मुर्गियां उतार रहे व्यापारी को बेस्ट बस ने टक्कर मार दी थी, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुंबई के जोगेशबारी इलाके में माजास डेपो के पास बेस्ट बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 53 वर्षीय मुर्गी व्यापारी फरीद अहमद शेख की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा 21 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:21 बजे पीएमजी कॉलोनी में हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलुंड डिपो की बेस्ट बस रूट नंबर 441/31, बस नंबर MH-01-EM-2361, माजास डेपो से अंधेरी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बाईं तरफ मुर्गियां ढोने वाला टेम्पो नंबर MH-02-FL-9533 खड़ा था। 53 वर्षीय फरीद अहमद शेख टेम्पो से मुर्गियां उतारने का काम कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बेस्ट बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और वह बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में फरीद अहमद शेख की दाहिनी जांघ और घुटने के नीचे गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और बेस्ट कंट्रोल की सूचना पर उन्हें जोगेशबारी स्थित एचबीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। आखिरकार, इलाज के दौरान दोपहर 3:10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। बेस्ट बस के अचानक बेकाबू होने और हादसे में एक व्यक्ति की जान जाने के मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। माजास डेपो के पास हुआ यह हादसा सड़क पर काम कर रहे एक व्यक्ति की जान जाने की गंभीर घटना के रूप में सामने आया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
