मुंबई में 25 अक्टूबर को जैन दीक्षा एवं पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव, दो दीक्षार्थी होंगे दीक्षित
मुंबई के माधवबाग हॉल में 25 अक्टूबर को जैनेश्वरी दीक्षा एवं पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव आयोजित होगा। उपाध्याय विरंजनसागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में अरविंद भैया और वीरेंद्र भैया दीक्षित होंगे। 24 अक्टूबर को गोद भराई और भक्ति संध्या भी होगी।

मुंबई के माधवबाग में आयोजित होने वाले जैनेश्वरी दीक्षा एवं पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव के संदर्भ में आशीर्वाद मुद्रा में बैठे जैन मुनि।
मुंबई में जैन धर्म की त्याग, तपस्या, संयम और अहिंसा की परंपरा को समर्पित जैनेश्वरी दीक्षा एवं पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव का आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर को सी. पी. टैंक सर्कल स्थित माधवबाग हॉल में किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में ब्रह्मचारी अरविंद भैया, जबलपुर और ब्रह्मचारी वीरेंद्र भैया, बम्होरी को उपाध्याय विरंजनसागर महाराज ससंघ द्वारा जैन संस्कारों एवं संस्कृति की दीक्षा देकर दीक्षित किया जाएगा।
महोत्सव से पहले शनिवार, 24 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे माधवबाग में दीक्षार्थियों की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद भक्ति संध्या होगी।
चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष सुरेश हिसावत ने बताया कि महोत्सव में उपाध्याय विरंजनसागर महाराज एवं श्रमण मुनि विसौम्यसागर महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य रहेगा। कार्यक्रम के दौरान आचार्य शिरोमणि विराग सागर महाराज की छवि का अनावरण किया जाएगा और दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके बाद का आयोजन जैन धर्म की त्याग, संयम, आत्मकल्याण और साधना की महान परंपरा को समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम में शुल्लिका विशीलाक्षी माताजी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। पिच्छिका परिवर्तन का धार्मिक अनुष्ठान जैन साधुओं के जीवन में संयम, जीवदया और अहिंसा के महत्व को रेखांकित करेगा।
महोत्सव के आयोजन में आशिका ग्रुप के चेयरमैन पवन पाटनी परिवार का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजन की तैयारियों में ट्रस्टी एस. पी. जैन, डी. सी. जैन, दिनेश पाण्डे, मनोज जैन, डॉ. रमणीक बक्सी, सुरेश जी पहाड़िया और लायन सुरेश जैन सहित सदस्यगण जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए CA संजय राजा, मुकेश हिसावत, महावीर जैन, रोशन जैन, प्रदीप जैन एवं अन्य पदाधिकारी भी पूरी तन्मयता से तैयारियों में लगे हुए हैं।
यह धार्मिक आयोजन चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट, श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर चातुर्मास समिति और सकल दिगंबर जैन समाज, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में समस्त दिगंबर जैन समाज मुंबई के श्रावक-श्राविकाओं के साथ सर्वधर्म समाज के धर्मप्रेमियों के शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपेक्षा है। इस आयोजन के माध्यम से भगवान महावीर के अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मकल्याण के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया जाएगा। यह जानकारी राजमल पेमावत ने दी।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
