दक्षिण मुंबई में जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन कार्यशाला, सदस्यों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
तेयुप दक्षिण मुंबई द्वारा आयोजित कार्यशाला में साध्वी कंचनप्रभाजी के सानिध्य में जैन पद्धति से दीपावली पूजन का प्रशिक्षण दिया गया।

आचार्य तुलसी सभा गृह में एकत्रित लोग नजर आ रहे हैं।
मुंबई। दीपावली पूजन को जैन संस्कार विधि के अनुरूप संपन्न कराने और पारंपरिक संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई की ओर से 2 नवंबर, 2026 को दीपावली पूजन कार्यशाला आयोजित की गई। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में यह कार्यशाला महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी, दक्षिण मुंबई में प्रातः 10:15 बजे युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में संपन्न हुई।
कार्यशाला में जैन संस्कारक श्री अशोक बरलोटा ने जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जैन संस्कार विधि के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जीवन के विभिन्न मांगलिक एवं पारिवारिक आयोजनों में इस विधि को अपनाना उपयोगी है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को इन संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान श्री बरलोटा ने जैन विधि से दीपावली पूजन से जुड़े उपस्थित सदस्यों के विभिन्न प्रश्नों और जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया। कार्यशाला में तेयुप दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं आभार ज्ञापन दीपावली पूजन कार्यशाला प्रभारी दीपेश बोराणा ने किया।
इस अवसर पर तेयुप दक्षिण मुंबई की ओर से उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों को जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन करने की विधि और मंगल भावना यंत्र की किट वितरित की गई। इसका उद्देश्य समाज के अधिकाधिक परिवारों को जैन संस्कार विधि के अनुरूप दीपावली पूजन करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यशाला में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री कुंदन धाकड़, मंत्री श्री लक्ष्मीलाल डागलिया, श्री सुखलाल सियाल, महासभा के पूर्व अध्यक्ष श्री किशनलाल डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र डागलिया, उपाध्यक्ष श्री दिनेश धाकड़, मीडिया प्रभारी श्री नितेश धाकड़, श्री सुरेंद्र मुनोत, तेयुप दक्षिण मुंबई अध्यक्ष सुमित सुराणा, निवर्तमान अध्यक्ष गिरीश सिसोदिया, मंत्री श्रेयांस मुनोत, उपाध्यक्ष तथा अभातेयुप सोशल मीडिया स्मार्ट ब्रिगेड मेम्बर दर्शन डागलिया, सहमंत्री दीपेश बोराना, संगठन मंत्री दीपक कछारा, उत्सव धाकड़ एवं तेयुप की पूरी टीम उपस्थित रही। इनके साथ महिला मंडल दक्षिण मुंबई सहित तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई के अनेक गणमान्य सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला से संबंधित जानकारी नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया ने दी। समाचार प्रदाता नितेश धाकड़ रहे।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
