नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव नाका इलाके में जैन ज्वेलर्स की दुकान में हुई सेंधमारी का क्राइम डिटेक्शन सेल-3, विरार टीम ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई चांदी की ज्वेलरी, अपराध में इस्तेमाल हथियार और एक फोर्ड फिएस्टा कार समेत कुल 5 लाख 59 हजार रुपये का कीमती सामान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की रात 9:30 बजे से 11 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने जीवनज्योत अपार्टमेंट स्थित जैन ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगाई थी। आरोपियों ने दुकान की लोहे की ग्रिल, शटर और लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद करीब 9 लाख 5 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती पत्थर और एक डीवीआर मशीन चोरी कर ली गई थी।

घटना के संबंध में 11 अगस्त को तुलिंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल अपराध की जांच कर आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद क्राइम ब्रांच की विरार यूनिट-3 ने जांच अपने हाथ में ली।

जांच के दौरान राजेश बबन कदम (36) और महावीर जोरासिंह कुमावत (36) को 14 अगस्त को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि जांच में दोनों के अपराध में शामिल होने का पता चला। पुलिस ने उनके पास से कार, चांदी समेत लाखों रुपये का कीमती सामान जब्त किया है।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने महाराष्ट्र के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों के क्षेत्रों में कई सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ तुलिंज, डिंडोशी, तुर्भे, पनवेल, कासरवडावली, कपूरबावड़ी और मानिकपुर पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज हैं।

जांच में पता चला है कि राजेश कदम के खिलाफ 37 और महावीर कुमावत के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के पकड़े जाने से जैन ज्वेलर्स की दुकान में हुई सेंधमारी के मामले की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story