मुंबई-इंडोनेशिया संबंधों को नई गति, महापौर से वाणिज्यदूत की शिष्टाचार भेंट
इंडोनेशिया के वाणिज्यदूत एड्डी वारडोयो ने महापौर रितू तावडे से शिष्टाचार भेंट कर दोनों देशों के बीच व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

मुंबई में बीएमसी मुख्यालय स्थित कार्यालय में महापौर रितू तावडे (दाएं) से शिष्टाचार भेंट के दौरान इंडोनेशिया के वाणिज्यदूत एड्डी वारडोयो (मध्य) और जोकी अप्रियांडा सिरेगर (बाएं)।
मुंबई और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक तथा व्यापारिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। इंडोनेशिया गणराज्य के मुंबई स्थित वाणिज्यदूत एड्डी वारडोयो ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय पहुंचकर महापौर रितू तावडे से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर इंडोनेशिया के आर्थिक मामलों के वाणिज्यदूत जोकी अप्रियांडा सिरेगर भी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में वाणिज्यदूत एड्डी वारडोयो ने महापौर रितू तावडे को गुलदस्ता भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें मुंबई के महापौर पद का कार्यभार संभालने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग को विस्तार देने को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई।
वार्ता के दौरान भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए इस बात पर सहमति बनी कि आने वाले समय में मुंबई और इंडोनेशिया के प्रमुख शहरों के बीच आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और गति दी जाएगी। महापौर रितू तावडे ने मुंबई की विकास प्राथमिकताओं को साझा करते हुए इंडोनेशिया के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।
इस शिष्टाचार भेंट को दोनों देशों के बीच संबंधों को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल न केवल कूटनीतिक रिश्तों को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसरों के द्वार खोलने की संभावना को प्रबल करती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
