गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड टनल निर्माण में तेजी, ‘तुलसी’ ने 183 मीटर खुदाई पूरी की
मुंबई के गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी है। ‘तुलसी’ टीबीएम ने 183 मीटर खुदाई पूरी की, जबकि ‘विहार’ का साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट सफल रहा। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने सुरक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर निर्देश दिए।

बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड सुरंग स्थल का जायजा लेती हुईं।
मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना के तहत संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे बन रही जुड़वां सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहली सुरंग की खुदाई कर रही अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) ‘तुलसी’ अब तक 183 मीटर खुदाई पूरी कर चुकी है, जबकि दूसरी मशीन ‘विहार’ का साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट भी सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इससे दूसरी सुरंग की खुदाई शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिड़े ने 19 अक्टूबर 2026 को परियोजना स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरंग निर्माण का काम बिना किसी रुकावट के, पूरी सुरक्षा और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इस परियोजना के तहत दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी, गोरेगांव से मुलुंड के अमर नगर तक 5.30 किलोमीटर लंबी दो समांतर सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। पहली सुरंग की खुदाई के लिए इस्तेमाल की जा रही टीबीएम मशीन ‘तुलसी’ अब तक 183 मीटर खुदाई पूरी कर चुकी है। फिलहाल मशीन से प्रतिदिन औसतन 5.5 मीटर खुदाई की जा रही है। आने वाले दिनों में खुदाई की गति और बढ़ाने की योजना है। सुरंग के भीतर अब तक 87 कंक्रीट रिंग्स भी सफलतापूर्वक स्थापित की जा चुकी हैं।
वहीं, दूसरी सुरंग की खुदाई के लिए इस्तेमाल होने वाली टीबीएम मशीन ‘विहार’ का साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इस परीक्षण के पूरा होने से दूसरी सुरंग की खुदाई शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। दोनों मशीनों के जरिए निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की तैयारी के बीच बीएमसी परियोजना की प्रगति पर नजर रख रही है।
निरीक्षण के दौरान बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ मजदूरों और इंजीनियरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुदाई से निकलने वाले मलबे का उचित निपटारा करने और परियोजना के आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस बीच, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना के तहत डिंडोशी कोर्ट से फिल्मसिटी तक जाने वाले 1.26 किलोमीटर लंबे नए फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। जुड़वां सुरंगों की खुदाई में हो रही प्रगति और फ्लाईओवर का काम पूरा होने के साथ परियोजना के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है। इसके पूरा होने से मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
