गोरेगांव-मुलुंद लिंक रोड पर सुरंग निर्माण तेज, ‘तुलसी’ टीबीएम से शुरू हुई खुदाई
गोरेगांव-मुलुंद लिंक रोड पर संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे सुरंग खुदाई शुरू हो गई है। ‘तुलसी’ टीबीएम से निर्माण तेजी पर है।

गोरेगांव-मुलुंद लिंक रोड परियोजना के तहत मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे सुरंग निर्माण के लिए टनल बोरिंग मशीन से कार्य जारी है।
मुंबई। ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी गोरेगांव-मुलुंद लिंक रोड परियोजना के तहत संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे सुरंग निर्माण का काम शुरू हो गया है। परियोजना के तीसरे चरण में गोरेगांव पूर्व स्थित दादासाहेब फाल्के फिल्मसिटी से मुलुंद पश्चिम के अमर नगर तक 5.30 किलोमीटर लंबी दोहरी सुरंग बनाई जा रही है। दोनों सुरंगों में तीन-तीन लेन होंगी।
पहली टनल बोरिंग मशीन ‘तुलसी’ का संचालन 17 अगस्त 2026 से शुरू हो चुका है। इसके बाद बीएमसी के अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर ने परियोजना स्थल का दौरा कर सुरंग निर्माण कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल हो रही तकनीक, खुदाई की रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
अभिजीत बांगर ने अधिकारियों को परियोजना तय समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। फिलहाल 9 मीटर तक सुरंग की खुदाई पूरी हो चुकी है। काम की गति बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कार्यबल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सुरंग निर्माण की चुनौतीपूर्ण प्रकृति को देखते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के स्पष्ट आदेश दिए गए।
परियोजना के तहत दूसरी टनल बोरिंग मशीन को जोड़ने यानी असेंबली का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 से साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट शुरू करने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता राजेश मुले सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे शुरू हुआ यह सुरंग निर्माण गोरेगांव-मुलुंद लिंक रोड परियोजना के तीसरे चरण की महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में सामने आया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
