मुंबई में शनिवार, 9 मई 2026 को भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और आधुनिक भारत के निर्माता माने जाने वाले नामदार गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्थित वीर नरिमन मार्ग पर स्थापित उनकी भव्य पूर्णाकृति प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बीएमसी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान तथा राजनीतिक दर्शन को स्मरण किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ‘सी’ और ‘डी’ वार्ड समिति के अध्यक्ष आकाश पुरोहित ने गोपाल कृष्ण गोखले की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गोखले जी के विचार, उनकी नैतिकता और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति गोखले जी का समर्पण और उनके उदारवादी विचारों ने देश की स्वतंत्रता की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आकाश पुरोहित ने उन्हें महात्मा गांधी का राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, सेवा और राष्ट्रहित का उत्कृष्ट उदाहरण है।

कार्यक्रम में बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें ‘ए’ वार्ड के सहायक आयुक्त गजानन बेल्लाळे और महानगरपालिका उप सचिव सुभाष कांदळकर प्रमुख रूप से शामिल हुए। अधिकारियों ने महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को देश के इतिहास, मूल्यों और महान व्यक्तित्वों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

बीएमसी के प्रोटोकॉल विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में चर्चगेट क्षेत्र के कई स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए और अपने प्रिय जननायक को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा प्रतिमा परिसर की विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी, जिससे पूरा वातावरण प्रेरणादायी और गौरवमयी दिखाई दिया।

नामदार गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रनिर्माण, नैतिक राजनीति और समाजसेवा के मूल्यों को पुनः स्मरण कराने का सशक्त संदेश भी बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story