मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट 04 ने गोवा में 58 वर्षीय महिला की हत्या कर फरार हुए आरोपी को उसके मूल गांव सिंधुदुर्ग से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने महिला की सोने की चेन और मोबाइल लूटकर फरार होने के बाद इलाके से फरार होकर छिपने की कोशिश की थी, जिसे पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और विशेषज्ञ जांच के आधार पर पकड़ लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका शैला घाडी उम्र 58 वर्ष, घर नंबर 529/3, चिकने कुडने, संखालिम, बिचोलिम, नॉर्थ गोवा, राज्य गोवा में निवासरत थीं। उनकी छोटी बेटी से तिस्वाड़ी, कोरलिम, पुराना गोवा, राज्य गोवा मूल निवासी तथा मलाईवाड़ी, शिरसिंगे, तहसील सावंतवाड़ी, जिला सिंधुदुर्ग निवासी सागर रमेश राउल उम्र 34 वर्ष विवाह करना चाहता था, लेकिन परिवार द्वारा स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया गया था।

इनकार से नाराज होकर सागर रमेश राउल 19 मई 2026 को सुबह 11 बजे शैला घाडी के घर में घुस गया। उस समय महिला घर पर अकेली थीं। मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी और उनके गले से सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मृतका की बड़ी बेटी की शिकायत पर बिचोलिम पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ धारा 332(A), 103, 309(4), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक विजय वी. राणे सरदेसाईं द्वारा की जा रही थी, जिसके तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सर्च वारंट प्राप्त कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

इसी क्रम में मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट 04 के पुलिस निरीक्षक प्रमोद बड़ाख एवं उनकी टीम के सपोनी प्रशांत गांगुर्डे, दत्तात्रय सरक, मनोहर टावरे, संतोष मदने, शिवाजी पाटिल, रविंद्र भालेराव, विजय गायकवाड़, प्रवीणराज पवार, धनंजय चौधरी, हनुमंत सूर्यवंशी, समीर यादव, अश्विन पाटिल, रविंद्र कांबले और संदीप शेरमाले ने समानांतर जांच प्रारंभ की। तकनीकी विश्लेषण और विशेषज्ञ जांच के बाद आरोपी को उसके मूल गांव सिंधुदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई एक सोने की चेन और एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसकी कुल कीमत 1,11,000 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने गंभीर हत्या और लूट के इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में ला दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story