मध्य रेल ने गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए 386 गणपति विशेष गाड़ियों की घोषणा की है। इनमें नियमित गाड़ियों के अलावा मध्य रेल की 258, पश्चिम रेल की 64, कोकण रेल की 58 और दक्षिण मध्य रेल की 6 विशेष गाड़ियां शामिल हैं। गणेशोत्सव 14 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक मनाया जाएगा।

मध्य रेल ने 8 सितंबर 2026 से मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन भी शुरू की है। इसके अलावा गणपति विशेष गाड़ियों के तहत यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच 4 अतिरिक्त अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित की जाएंगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाड़ी रोड-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अनारक्षित विशेष ट्रेन के रूप में गाड़ी संख्या 01009 की दो सेवाएं 12 सितंबर 2026 और 13 सितंबर 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 13.45 बजे रवाना होंगी और अगले दिन 03.00 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेंगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01010 की दो सेवाएं 13 सितंबर 2026 और 14 सितंबर 2026 को सावंतवाड़ी रोड से 04.05 बजे रवाना होंगी और उसी दिन 18.15 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेंगी।

इन विशेष ट्रेनों के ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, करंजडी, खेड, चिपळूण, सावर्डा, आरवली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, आडवली, विलवडे, राजापूर रोड, वैभववाडी रोड, नांदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाळ और झाराप में होंगे।

ट्रेन की संरचना में 12 शयनयान, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय आसन सहित गार्ड्स ब्रेक वैन शामिल हैं। सामान्य किराए के साथ अनारक्षित डिब्बों का आरक्षण यूटीएस प्रणाली के माध्यम से किया जा सकता है। टिकट बुकिंग के लिए यात्री ‘रेलवन’ ऐप भी डाउनलोड कर सकते हैं।

इन विशेष ट्रेनों के ठहराव वाले स्टेशनों पर विस्तृत समय-सारिणी के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है या एनटीईएस ऐप डाउनलोड किया जा सकता है।

मध्य रेल ने गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी विशेष अपील की है। रेलवे के अनुसार, इस अवधि में स्टेशनों और ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्रियों की भीड़ होने की संभावना है। प्रभावी प्रबंधन के लिए आरपीएफ, जीआरपी और शहर पुलिस के समन्वय से यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।

रेलवे ने यात्रियों से किसी भी अनजान या लावारिस बैग, पार्सल अथवा वस्तु को न छूने और न खोलने की अपील की है। यात्रियों से प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, फुट ओवरब्रिज और प्रतीक्षालयों में अपना सामान बिना निगरानी के नहीं छोड़ने को कहा गया है। ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम से होने वाली लगातार घोषणाओं पर ध्यान देने की अपील की गई है।

मध्य रेल ने यात्रियों से भीड़ करने, फुटबोर्ड पर यात्रा करने और चलती ट्रेनों में चढ़ने या उतरने से बचने तथा फुट ओवरब्रिज और एस्केलेटर का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने को कहा है। यात्रियों से अतिरिक्त ट्रेनों की जानकारी मध्य रेल के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों, पूछताछ कक्ष और एनटीईएस से प्राप्त करने की अपील की गई है।

रेलवे ने कहा है कि यदि किसी यात्री को कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है तो वह तत्काल निकटतम आरपीएफ, जीआरपी कर्मचारी या स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दें अथवा सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।

मध्य रेल ने सभी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए सुरक्षित और आनंदमय गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दी हैं। यह प्रेस विज्ञप्ति 11 सितंबर 2026 को जारी की गई। प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/09/17 के तहत इसे डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई ने जारी किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story