गणेश चतुर्थी पर फाउंटेन फ्लाईओवर से कूदने पहुंचे परिवार को पुलिस ने बचाया
गणेश चतुर्थी की रात घोड़बंदर फाउंटेन फ्लाईओवर पर खुदकुशी करने पहुंचे डिलीवरी बॉय और उसके परिवार को काशीगांव पुलिस ने सतर्कता से कैसे बचाया? जानिए पूरी घटना।

फाउंटेन फ्लाईओवर पर पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचे व्यक्ति को नागरिक की सूचना के बाद काशीगांव पुलिस ने सुरक्षित हटाया।
गणेश चतुर्थी पर फाउंटेन फ्लाईओवर से कूदने पहुंचे परिवार को पुलिस ने बचाया
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 1 के अंतर्गत काशीगांव पुलिस स्टेशन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद और गंभीर आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ खुदकुशी करने के इरादे से घोड़बंदर स्थित फाउंटेन फ्लाई ओवर ब्रिज के ऊपर पहुंच गया था। हालांकि, समय रहते एक जागरूक नागरिक की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरे परिवार को सुरक्षित बचा लिया।
घटना 14 अगस्त 2026 की आधी रात करीब 1:30 बजे की है, जब पूरा क्षेत्र गणेश चतुर्थी का त्यौहार मना रहा था। उसी दौरान काशीगांव पुलिस स्टेशन में किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने पुलिस को सूचित किया कि फाउंटेन फ्लाई ओवर ब्रिज पर एक पुरुष, महिला और दो छोटे बच्चों के साथ जान देने की मंशा से खड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात बीट मार्शल संतोष कोकर और विकास मोहिते बिना कोई वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत परिवार को फ्लाई ओवर से हटाया और उन्हें सुरक्षित काशीगांव पुलिस स्टेशन ले आए।
पुलिस पूछताछ में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह एक डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है और मीरा रोड स्थित अपने रिश्तेदार के घर में रहता है। कुछ महीनों पहले उसने अपनी बहन के पास सोना गिरवी रखकर साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था। समय पर कर्ज चुकता न कर पाने के कारण वह बहन के पास रखे सोने को बेचकर कर्ज उतारना चाहता था और इसके लिए उसने अपनी बहन से बात भी की थी। पारिवारिक कलह और लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव से तंग आकर उसने गणेशोत्सव की रात अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ फाउंटेन फ्लाई ओवर ब्रिज से कूदकर जीवन लीला समाप्त करने का घातक कदम उठाया था। पुलिस की तत्परता और एक नागरिक की जिम्मेदारी से चार जिंदगियां असमय काल के गाल में समाने से बच गईं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
